उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (यूपीआईटीएस)-2026 में प्रदेश के डेयरी और मत्स्य क्षेत्र की उपलब्धियों और कारोबारी संभावनाओं को वैश्विक मंच मिलेगा। 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित होने वाले ट्रेड शो में डेयरी और मत्स्य क्षेत्र को प्रमुख फोकस सेक्टर के रूप में शामिल किया गया है। इस आयोजन का उद्देश्य उत्तर प्रदेश के इन दोनों क्षेत्रों की क्षमताओं को देश-विदेश के खरीदारों, निवेशकों और कारोबारियों के सामने रखना है। इसके जरिए प्रदेश के उद्यमियों को नए बाजारों और कारोबारियों से सीधे जुड़ने का अवसर मिलेगा।
डेयरी और मत्स्य क्षेत्र प्रदेश की ग्रामीण अर्थव्यवस्था, रोजगार और स्वरोजगार से जुड़े हैं। यूपीआईटीएस में इन क्षेत्रों से संबंधित सरकारी योजनाओं, उत्पादों, सेवाओं, तकनीकों और उद्यमिता के अवसरों को प्रदर्शित किया जाएगा। किसानों, दुग्ध उत्पादकों, मत्स्य पालकों, स्वयं सहायता समूहों और उद्यमियों को अपने उत्पादों और सेवाओं को बड़े बाजार तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा। अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के साथ घरेलू B2B खरीदार और B2C ग्राहक भी आयोजन में मौजूद रहेंगे।
मत्स्य क्षेत्र में मछली पालन के साथ उत्पादन, फीड, प्रसंस्करण, कोल्ड चेन, पैकेजिंग और मार्केटिंग से जुड़ी संभावनाओं को भी प्रदर्शित किया जाएगा। इससे मत्स्य पालकों और उद्यमियों को नए बाजारों तक पहुंच बनाने में मदद मिल सकती है। इसी तरह पशुधन, पशु स्वास्थ्य, दुग्ध उत्पादन और इससे जुड़े कारोबारों को भी ट्रेड शो में जगह मिलेगी। आयोजन के जरिए उत्पादन से लेकर प्रसंस्करण, पैकेजिंग, मार्केटिंग और बाजार तक पूरी वैल्यू चेन में नए कारोबारी संपर्क विकसित करने का प्रयास किया जाएगा।
यूपीआईटीएस में मत्स्य विभाग की ओर से आठ प्रमुख कंपनियां और संस्थाएं अपने उत्पाद और कारोबारी गतिविधियां प्रदर्शित करेंगी। इनमें पीवीआर एक्वा (गाजियाबाद), ग्रोवेल फीड (लखनऊ), देवी फीड्स (बाराबंकी), फिश व्हाइट (वाराणसी), मणि एग्रो हब (मुरादाबाद), एबिस ग्रुप (अयोध्या), दयाल ग्रुप (लखनऊ) और एडवांस फिश फार्म (मेरठ) शामिल हैं।
डेयरी क्षेत्र से 14 प्रमुख कंपनियां और संस्थाएं भी ट्रेड शो में हिस्सा लेंगी। इनमें नमस्ते इंडिया, गंगोल सहकारी दुग्ध उत्पादक संघ लिमिटेड, भारत एसकेवाईआर एंड दूध प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड, सिंघानिया मिल्क प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड (मलाई धारा), वीआरएस फूड्स लिमिटेड, क्रीमी फूड्स लिमिटेड और सीपी मिल्क एंड फूड प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड (ज्ञान डेयरी) शामिल हैं।
इसके अलावा भोले बाबा मिल्क, अमूल (गुजरात को-ऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन लिमिटेड), न्यू एरा डेयरी इंजीनियर्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, ज्यूड्स मिल्क, अल्फा मिल्क फूड, श्याम डेयरी और पराग डेयरी भी आयोजन में मौजूद रहेंगी। उत्तर प्रदेश की दुग्ध आयुक्त और मत्स्य महानिदेशक धनलक्ष्मी के. ने बताया कि यूपीआईटीएस के चौथे संस्करण में डेयरी और मत्स्य विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। उन्होंने कहा कि आयोजन के दौरान आगंतुक उत्तर प्रदेश के दुग्ध और मत्स्य क्षेत्र की प्रगति से रूबरू होंगे। दोनों विभागों की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।