जम्मू-कश्मीर के काजीगुंड इलाके में मंगलवार को जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक सड़क हादसा हो गया। लेवडोरा इलाके में ट्रक और CRPF के मिनी ट्रक के बीच हुई जोरदार टक्कर में कम से कम 7 लोग घायल हो गए। घायलों में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के 5 जवान भी शामिल हैं।हादसा काजीगुंड के लेवडोरा इलाके में हुआ। टक्कर के बाद CRPF मिनी ट्रक में सवार चार अधिकारियों समेत पांच कर्मी घायल हो गए। वहीं, ट्रक का चालक और परिचालक भी हादसे में घायल हुए हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों और सुरक्षाकर्मियों की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। सभी घायलों का इलाज चल रहा है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ।