Breaking News

सुप्रीम कोर्ट ने खारिज की फांसी देकर मौत की सजा के खिलाफ दायर PIL     |   विनोद तावड़े को यूपी बीजेपी की कमान, सतीश पूनिया पंजाब के बने प्रभारी     |   CM योगी का विपक्ष पर निशाना, बोले- ये पैसा लूटते थे और विदेश में जमा करवाते थे     |   यूपी ATS का बड़ा एक्शन, जैश-ए-मोहम्मद से जुड़ा एक संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार     |   यूपी: प्रयागराज में भारी बारिश का असर, कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूल बंद     |  

केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा की एंजियोप्लास्टी हुई, AIIMS ने बताया- हालत स्थिर

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा की सोमवार को दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में एंजियोप्लास्टी की गई। AIIMS के मुताबिक, उनकी हालत स्थिर है और उन्हें कार्डियोलॉजी विभाग में निगरानी में रखा गया है। AIIMS की ओर से जारी प्रेस रिलीज में कहा गया, "स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा की 17 अगस्त 2026 को एंजियोप्लास्टी की गई। उनकी हालत स्थिर है और कार्डियोलॉजी विभाग में निगरानी में रखा गया है।"

नड्डा के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष सांघवी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, "केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा जी के जल्द स्वस्थ होने और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करता हूं।" गुजरात के ऊर्जा एवं पेट्रोकेमिकल्स मंत्री ऋषिकेश पटेल ने भी नड्डा के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने X पर लिखा, "जेपी नड्डा जी के जल्द स्वस्थ होने और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करता हूं।"

इससे पहले 14 अगस्त को जेपी नड्डा को दिल्ली के AIIMS के कार्डियोलॉजी विभाग में भर्ती कराया गया था। उन्हें बेचैनी की शिकायत के बाद जांच के लिए अस्पताल लाया गया था। AIIMS के मुताबिक, 13 अगस्त की शाम नड्डा की बेचैनी को लेकर जांच की गई थी। इस दौरान उनकी कोरोनरी एंजियोग्राफी समेत कई टेस्ट किए गए थे। इसके बाद उन्हें कार्डियोलॉजी विभाग में निगरानी के लिए भर्ती किया गया था। AIIMS ने उस समय कहा था कि जेपी नड्डा की हालत स्थिर है और उन्हें डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। अब एंजियोप्लास्टी के बाद भी उनकी स्थिति स्थिर बताई गई है।