मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को ‘पुलिस झंडा दिवस’ के अवसर पर उत्तर प्रदेश पुलिस के सभी जवानों और उनके परिवारों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पुलिस ध्वज पुलिसकर्मियों के कर्तव्य, साहस, अनुशासन और जनता की सेवा के प्रति उनके संकल्प का प्रतीक है।
पुलिस झंडा दिवस पर पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पुलिस कलर (फ्लैग पिन) लगाया। इस दौरान उन्हें स्मृति चिह्न भी भेंट किया गया।
पुलिस ध्वज गौरवशाली परंपरा का प्रतीक

मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस ध्वज केवल एक पहचान नहीं, बल्कि कर्तव्यनिष्ठा, अदम्य साहस और जनसेवा की भावना को दर्शाता है। यह दिवस पुलिस बल की गौरवशाली परंपरा, अनुशासन, त्याग और बलिदान को याद करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि यह ध्वज हर पुलिसकर्मी को पूरी निष्ठा के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने और सेवा के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा देता है।
जनता में सुरक्षा और विश्वास का भाव मजबूत करता है ध्वज

सीएम योगी ने कहा कि पुलिस ध्वज समाज में विश्वास और सुरक्षा की भावना को मजबूत करने का संदेश देता है। उन्होंने उत्तर प्रदेश पुलिस के सभी कर्मियों और उनके परिजनों को इस विशेष अवसर पर बधाई दी।
मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान अपर मुख्य सचिव (गृह) संजय प्रसाद, एडीजी कानून-व्यवस्था अमिताभ यश और आईपीएस सुनील इमैनुअल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
