Breaking News

सोशल मीडिया फ्लेटफॉर्म तक न पहुंचे चाइल्ड पोर्नोग्राफी, गाइडलाइन बनाएं सरकार: SC     |   तुर्की में फिर आया बड़ा भूकंप, 5.8 की तीव्रता से हिली धरती     |   CEC ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दें, नहीं तो देशव्यापी प्रोटेस्ट करेंगे: कॉकरोच पार्टी     |   महुआ मोइत्रा ने नई दिल्ली में CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ पुलिस शिकायत दर्ज कराई     |   गुजरात BJP संगठन में बदलाव, अरुण बिन्नाडी राजकोट केंद्र के सह महामंत्री नियुक्ति     |  

UPITS-2026 के चौथे संस्करण का 25 सितंबर से आगाज, 2,400 से ज्यादा प्रदर्शक और 85 देशों के खरीदार होंगे शामिल

उत्तर प्रदेश को ग्लोबल सोर्सिंग हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS)-2026 का चौथा संस्करण 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित होगा। एमएसएमई मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि यह आयोजन प्रदेश के उद्यमियों, निर्माताओं, निर्यातकों और कारोबारियों को देश-विदेश के बाजारों से जोड़ने का बड़ा मंच बनेगा। इस बार UPITS में 2,400 से अधिक प्रदर्शकों के शामिल होने की उम्मीद है। इसके अलावा 1.5 लाख से अधिक B2B खरीदार एवं आगंतुक, 4.5 लाख से अधिक सामान्य आगंतुक और 85 देशों के 550 से अधिक अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के पहुंचने की संभावना है।

अमित शाह और सीएम योगी करेंगे उद्घाटन

UPITS-2026 का उद्घाटन केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। इस संस्करण में ऑस्ट्रिया, जापान, रूस, सिंगापुर, बेलारूस और वियतनाम पार्टनर देश के रूप में शामिल होंगे। आयोजकों के मुताबिक, अब तक 72 देशों से विदेशी खरीदारों के पंजीकरण प्राप्त हो चुके हैं। FIEO के होस्टेड बायर प्रोग्राम के जरिए आयातकों, वितरकों, रिटेलर्स, सोर्सिंग एजेंट्स और अन्य कारोबारी प्रतिनिधियों को भी आयोजन से जोड़ा जा रहा है।

एमएसएमई और आधुनिक उद्योगों की दिखेगी तस्वीर

भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 96 लाख से अधिक एमएसएमई इकाइयां हैं और एमएसएमई प्रदेश की अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। UPITS के जरिए स्थानीय उद्यमों को बाजार पहुंच बढ़ाने, निवेश आकर्षित करने, कारोबार का विस्तार करने और रोजगार के नए अवसर पैदा करने का मौका मिलेगा।

ट्रेड शो में कृषि, ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रिक वाहन, रक्षा, इलेक्ट्रॉनिक्स, आईटी, फिल्म एवं मनोरंजन, फूड प्रोसेसिंग, टेक्सटाइल, हैंडलूम, हस्तशिल्प, हेल्थ, फार्मा, इंजीनियरिंग, पर्यटन, स्पोर्ट्स, टॉयज, रिन्यूएबल एनर्जी, लॉजिस्टिक्स, शिक्षा और कौशल विकास समेत कई क्षेत्रों को प्रदर्शित किया जाएगा।

‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन क्यूज़ीन’ को मिलेगी खास पहचान

UPITS-2026 में ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट’ के साथ ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन क्यूज़ीन’ को भी विशेष जगह दी जाएगी। इसके जरिए उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों के पारंपरिक व्यंजनों, पाक विधियों और खाद्य विरासत को देश-विदेश के सामने पेश किया जाएगा।

पांच दिवसीय आयोजन में बिजनेस मीटिंग, नॉलेज सेशन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, लाइव परफॉर्मेंस, अवॉर्ड्स, फैशन शो और लेजर शो भी होंगे। नॉलेज सेशन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग, डिजिटल ट्रेड, फूड प्रोसेसिंग, एमएसएमई और ग्लोबल फ्री ट्रेड एग्रीमेंट्स जैसे विषयों पर चर्चा होगी।

पिछले संस्करण से और बड़ा होगा आयोजन

UPITS-2026 पिछले तीन संस्करणों के आधार पर आगे बढ़ रहा है। 2025 के संस्करण में 5,07,099 आगंतुक पहुंचे थे, जिनमें 1,40,735 B2B आगंतुक शामिल थे। उस समय 35,000 वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्र में 2,228 प्रदर्शकों ने हिस्सा लिया था। आधिकारिक UPITS प्लेटफॉर्म के अनुसार, 2025 संस्करण में 2,400 से अधिक एमओयू हुए, जिनकी कुल प्रस्तावित राशि ₹1,882 करोड़ बताई गई। इसके अलावा ₹11,200 करोड़ से अधिक की बिजनेस इन्क्वायरी दर्ज की गई।

डिजिटल मैचमेकिंग से तय होंगी B2B बैठकें

इस बार UPITS में डिजिटल सुविधाओं को भी बढ़ाया गया है। UPITS ऐप के जरिए खरीदार और प्रदर्शक कारोबारी अवसरों की पहचान कर सकेंगे और B2B बैठकों को पहले से तय कर सकेंगे। डिजिटल मैचमेकिंग से प्रतिभागियों को कारोबारी बैठकों की बेहतर योजना बनाने में मदद मिलेगी।

भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि UPITS व्यापार और निवेश के साथ उत्तर प्रदेश की संस्कृति, खान-पान, नवाचार और उद्यमशीलता को भी वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करेगा। आयोजन के जरिए प्रदेश के एमएसएमई, ODOP और आधुनिक उद्योगों को देश-विदेश के खरीदारों, निवेशकों और कारोबारी समुदाय से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

कार्यक्रम की प्रमुख जानकारी: UPITS-2026 का आयोजन 25 से 29 सितंबर तक इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा में होगा। इसके बिजनेस आवर्स सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक और पब्लिक आवर्स दोपहर 3 बजे से रात 8 बजे तक रहेंगे। आयोजन उत्तर प्रदेश सरकार और इंडिया एक्सपोजिशन मार्ट लिमिटेड की ओर से किया जा रहा है।