Breaking News

पंजाब: दो मौजूदा और एक पूर्व विधायक आज बीजेपी में होंगे शामिल     |   UP के कुशीनगर में कार और ट्रक की आमने-सामने टक्कर, 5 की मौत     |   'मेरे खिलाफ ED के इस्तेमाल का दबाव', प्रियंक खड़गे का केंद्र पर आरोप     |   MP: देवास में अवैध शराब से भरे ट्रक ने थाना प्रभारी दिलीप पुरी को कुचला     |   लिफ्ट देने के बहाने गाड़ी में बैठाकर लूटते थे, नोएडा पुलिस ने मुठभेड़ के बाद 4 बदमाशों को दबोचा, 2 को लगी गोली     |  

दीपोत्सव पर एक लाख दीपों से जगमगाएगा श्रीराम जन्मभूमि परिसर, पांच जोन में बंटी जिम्मेदारी

रामनगरी अयोध्या में दीपोत्सव-2026 को भव्य बनाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। इस बार श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र परिसर एक लाख दीपों की रोशनी से जगमगाएगा। दीप जलाने के लिए करीब एक हजार कार्यकर्ता तैनात किए जाएंगे। पूरे परिसर को पांच जोन में बांटकर हर क्षेत्र की जिम्मेदारी अलग-अलग टीमों को सौंपी गई है। अगले पांच दिनों में तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा।

बैठक में तैयारियों की रूपरेखा तय

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अनुसार, यात्री सुविधा केंद्र (पीएफसी) के सभागार में शनिवार को दीपोत्सव की तैयारियों को लेकर बैठक हुई। इसमें आयोजन की व्यवस्थाओं से जुड़े प्रमुख कार्यकर्ता शामिल हुए। ट्रस्ट के मुख्य कार्यपालक अधिकारी एयर मार्शल जितेंद्र मिश्र (सेवानिवृत्त), सचिव जगदीश आफले और जगन्नाथ गुलवे ने कार्ययोजना की जानकारी दी। श्रीरामलला विराजमान मंदिर का विशेष अलंकरण किया जा चुका है। अब परिसर के दूसरे हिस्सों को सजाने और दीप प्रज्ज्वलन की तैयारियों को अगले पांच दिनों में पूरा किया जाएगा।

पांच जोन में बांटा गया परिसर

दीप प्रज्ज्वलन की व्यवस्था के लिए श्रीराम जन्मभूमि परिसर को पांच जोन में बांटा गया है।

जोन-1 : श्रीरामलला मंदिर

इस जोन की जिम्मेदारी अर्चक प्रमुख आचार्य केशव जी को दी गई है। मंदिर प्रांगण, परकोटा, ग्रीन हाउस और यज्ञशाला क्षेत्र में 30 हजार से अधिक दीप जलाए जाएंगे।

जोन-2 : कुबेर टीला एवं सप्तमंडप

कुबेर टीला, सप्तमंडप, शेषावतार मंदिर, हुतात्मा स्मारक और पंचवटी सहित अन्य स्थान इस जोन में शामिल हैं। चन्द्रन क्षितिज और उनकी टीम यहां 30 हजार से अधिक दीप प्रज्ज्वलित करेगी।

जोन-3 : वापसी दर्शन मार्ग एवं पीएफसी

वापसी दर्शन मार्ग, यात्री सुविधा केंद्र, पीएफसी प्लाजा और नल टीला में दीप जलाने की जिम्मेदारी पीपी मिश्रा को सौंपी गई है। इस क्षेत्र में 14 हजार से अधिक दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।

जोन-4 : यात्री सेवा केंद्र एवं अंगद टीला

कैप्टन जे.पी. द्विवेदी (सेवानिवृत्त) और उनकी टीम इस जोन की जिम्मेदारी संभालेगी। यात्री सेवा केंद्र, अंगद टीला, सीता रसोई और रामानंदाचार्य द्वार सहित अन्य स्थानों पर 13 हजार से अधिक दीप जलाए जाएंगे।

जोन-5 : श्रीरामजन्मभूमि पथ एवं दर्शन मार्ग

इस जोन में श्रीरामजन्मभूमि पथ, दर्शन मार्ग, सिंह द्वार और चरण पादुका शामिल हैं। नरेन्द्र कुमार के नेतृत्व में यहां 13 हजार दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। इस टीम को उत्तर प्रदेश पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल का सहयोग भी मिलेगा।

अयोध्या को वैश्विक पहचान दिलाने का प्रयास

ट्रस्ट के समाचार प्रबंधक सुभाष चंद्र सिंह ने बताया कि दीपोत्सव की सभी तैयारियां तय समय पर पूरी कर ली जाएंगी। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं है, बल्कि अयोध्या को विश्व पटल पर स्थापित करने का भी माध्यम है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में दीपोत्सव अयोध्या की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान को नई ऊंचाई दे रहा है।