Breaking News

सोशल मीडिया फ्लेटफॉर्म तक न पहुंचे चाइल्ड पोर्नोग्राफी, गाइडलाइन बनाएं सरकार: SC     |   तुर्की में फिर आया बड़ा भूकंप, 5.8 की तीव्रता से हिली धरती     |   CEC ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दें, नहीं तो देशव्यापी प्रोटेस्ट करेंगे: कॉकरोच पार्टी     |   महुआ मोइत्रा ने नई दिल्ली में CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ पुलिस शिकायत दर्ज कराई     |   गुजरात BJP संगठन में बदलाव, अरुण बिन्नाडी राजकोट केंद्र के सह महामंत्री नियुक्ति     |  

UPITS-2026 में चमकेगा ब्रज की महिलाओं का हुनर, ग्लोबल मार्केट में पहुंचेंगे देसी उत्पाद

ग्रेटर नोएडा में 25 से 29 सितंबर तक आयोजित होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS)-2026 में ब्रज क्षेत्र की ग्रामीण महिलाओं के बनाए उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय मंच मिलेगा। उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (UPSRLM) के तहत गठित स्वयं सहायता समूहों (SHG) की महिलाएं ट्रेड शो में अपने उत्पादों की प्रदर्शनी और बिक्री करेंगी। यूपीआईटीएस के जरिए आगरा मंडल के स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को देश-विदेश के खरीदारों से सीधे जुड़ने का अवसर मिलेगा। इससे उनके उत्पादों को बड़े बाजार तक पहुंचाने और कारोबार बढ़ाने में मदद मिलेगी।

ब्रज के इन उत्पादों की होगी प्रदर्शनी

ट्रेड शो में आगरा मंडल के विभिन्न जिलों के स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे। फिरोजाबाद की महिलाओं द्वारा बनाए गए कांच के सजावटी उत्पाद लोगों के आकर्षण का केंद्र रहेंगे। वहीं, मथुरा की महिलाएं मिट्टी के बर्तन, तुलसी गमला और फ्लावर पॉट जैसे उत्पाद प्रदर्शित करेंगी। मैनपुरी के स्वयं सहायता समूहों की ओर से आर्टिफिशियल ज्वेलरी, टेडीबियर और जूट बैग समेत कई उत्पादों का स्टॉल लगाया जाएगा। इन उत्पादों की बिक्री से महिलाएं सीधे आय भी अर्जित करेंगी।

आजीविका मिशन की योजनाओं की भी मिलेगी जानकारी

यूपीआईटीएस में उत्पादों की बिक्री और प्रदर्शनी के साथ उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी। यहां स्वयं सहायता समूहों के गठन, टेक होम राशन, बीसी सखी और विद्युत सखी जैसी योजनाओं के बारे में आगंतुकों को जानकारी दी जाएगी।

आगरा के खेरागढ़ तहसील के सैंया ब्लॉक स्थित ग्राम पंचायत ब्रिथला की बीसी सखी ममता भी ट्रेड शो में हिस्सा लेंगी। वह ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाओं में महिलाओं की भूमिका को प्रदर्शित करेंगी।

ग्लोबल मंच मिलने से उत्साहित हैं महिलाएं

मैनपुरी के लक्ष्मी स्वयं सहायता समूह की रीना ने बताया कि उनका समूह गांव में आर्टिफिशियल ज्वेलरी, टेडीबियर और जूट बैग तैयार करता है। उन्होंने कहा कि इन उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय मंच मिलने से ग्रामीण महिलाओं का उत्साह बढ़ा है। फिरोजाबाद के एकता स्वयं सहायता समूह की शांति देवी ने बताया कि समूह की महिलाओं ने कांच के सजावटी उत्पाद तैयार किए हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि ट्रेड शो के जरिए इन उत्पादों को देश-विदेश में पहचान मिलेगी और समूह की महिलाओं की आमदनी बढ़ेगी।

ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर

आगरा के उपायुक्त (स्वतः रोजगार) प्रेम चंद ने बताया कि यूपीआईटीएस के जरिए स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को बड़े बाजार से जोड़ने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि ब्रज क्षेत्र के उत्पादों को व्यापक बाजार मिलने से ग्रामीण महिलाओं के कारोबार और आय को बढ़ावा मिल सकता है। ट्रेड शो में महिलाओं की भागीदारी के जरिए स्थानीय उत्पादों को बड़े बाजार तक पहुंचाने और ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने पर जोर दिया जा रहा है।