Breaking News

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी की माता जी का निधन, उत्तराखंड के पौड़ी जिले के पंचूर गांव में ली अंतिम सांस     |   अमेरिकी सिस्टम पर साइबर हमले में विदेशी हाथ का सबूत नहीं, FBI ने साफ की स्थिति     |   खाटूश्यामजी: भोजनालय में लगी भीषण आग, मंदिर के निकास मार्ग पर मची अफरा-तफरी     |   कावेरी जल विवाद में तमिलनाडु को सुप्रीम कोर्ट से झटका, 11 TMC अतिरिक्त पानी की मांग खारिज     |   नेपाल के PM बालेन्द्र शाह 22 नवंबर से भारत दौरे पर, PM मोदी के साथ करेंगे द्विपक्षीय वार्ता     |  

डॉलर के मुकाबले 50 पैसे मजबूत हुआ रुपया, 93 के पार पहुंचा भारतीय करेंसी का भाव

भारतीय मुद्रा रुपये ने शानदार वापसी करते हुए अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 50 पैसे तक की मजबूती दर्ज की। घरेलू शेयर बाजार में जोरदार खरीदारी और विदेशी निवेशकों की बढ़ती दिलचस्पी से रुपये को सहारा मिला। कारोबार के दौरान रुपया 93 प्रति डॉलर के स्तर को पार कर गया। 10 अप्रैल के बाद यह पहली बार है, जब भारतीय मुद्रा ने इस स्तर से ऊपर कारोबार किया है।

विदेशी मुद्रा बाजार के जानकारों के मुताबिक, अमेरिकी डॉलर की कमजोरी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़े शेयरों में तेजी का दौर धीमा पड़ने के बीच विदेशी संस्थागत निवेशकों की भारतीय बाजार में खरीदारी बढ़ी है। इससे रुपये की स्थिति मजबूत हुई है।

आंकड़ों के अनुसार, विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (FPI) ने पिछले दो सप्ताह में भारतीय शेयर बाजार में 84 हजार करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया है। विदेशी पूंजी के इस प्रवाह का सकारात्मक असर भारतीय मुद्रा पर भी देखने को मिला। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में शुक्रवार को रुपया डॉलर के मुकाबले 93.25 के स्तर पर खुला। इसके बाद इसमें लगातार सुधार हुआ और कारोबार के दौरान यह 92.82 के उच्चतम स्तर तक पहुंच गया।

गौरतलब है कि 10 अप्रैल को रुपया डॉलर के मुकाबले 92.83 पर बंद हुआ था। वहीं, गुरुवार को भी भारतीय मुद्रा में नौ पैसे की बढ़त दर्ज की गई थी और यह 93.32 प्रति डॉलर के स्तर पर बंद हुई थी। शुक्रवार की तेजी को मिलाकर रुपया पिछले लगातार पांच कारोबारी सत्रों में करीब 1.4 प्रतिशत मजबूत हो चुका है। विदेशी निवेश में बढ़ोतरी और डॉलर की कमजोरी फिलहाल रुपये की इस मजबूती के प्रमुख कारण माने जा रहे हैं।