दीपावली और छठ के त्योहार पर घर जाने वाले यात्रियों के लिए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम ने विशेष इंतजाम किए। इस दौरान रोडवेज बसों से दो करोड़ से अधिक लोगों ने यात्रा की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर 12 दिनों तक अतिरिक्त बसें चलाई गईं, ताकि यात्रियों को अपने घर और गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी न हो।
परिवहन राज्यमंत्री दयाशंकर सिंह ने बताया कि त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए 6 नवंबर से 17 नवंबर तक विशेष परिवहन व्यवस्था लागू की गई थी। इस दौरान अलग-अलग रूटों पर यात्रियों की जरूरत के हिसाब से बसों का संचालन बढ़ाया गया।
12 दिनों में रोजाना लाखों यात्रियों ने किया सफर
परिवहन मंत्री के मुताबिक, 6 नवंबर को 18.06 लाख से ज्यादा लोगों ने रोडवेज बसों में यात्रा की। इसके बाद 7 नवंबर को 16.72 लाख, 8 नवंबर को 17.36 लाख, 9 नवंबर को 14.12 लाख और 10 नवंबर को 16.42 लाख से अधिक यात्रियों ने बसों का इस्तेमाल किया।
वहीं, 11 नवंबर को 19.45 लाख, 12 नवंबर को 19.26 लाख, 13 नवंबर को 22.40 लाख, 14 नवंबर को 20.07 लाख और 15 नवंबर को 20.13 लाख से ज्यादा लोगों ने सफर किया। 16 नवंबर को यात्रियों की संख्या 17.15 लाख रही, जबकि 17 नवंबर को सबसे अधिक 31.27 लाख से ज्यादा लोगों ने परिवहन निगम की बसों से यात्रा की।
पूर्वांचल जाने वाले यात्रियों के लिए बढ़ाई गई बसें
दीपावली और छठ के समय पूर्वांचल की ओर जाने वाली बसों में यात्रियों की संख्या काफी बढ़ जाती है। दूसरे शहरों और राज्यों के औद्योगिक क्षेत्रों में काम करने वाले लोग त्योहार मनाने के लिए अपने घर लौटते हैं।
इसी को ध्यान में रखते हुए परिवहन निगम ने पूर्वांचल के साथ प्रदेश के दूसरे प्रमुख मार्गों पर भी अतिरिक्त बसें लगाईं। इससे यात्रियों को बसों की उपलब्धता बनाए रखने और अपने गंतव्य तक पहुंचने में सहूलियत मिली।
अधिकारियों और कर्मचारियों ने मिलकर संभाली व्यवस्था
दयाशंकर सिंह ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि आम लोगों को सुरक्षित और बेहतर परिवहन सुविधा मिले। त्योहारों के दौरान बसों की कमी से यात्रियों को परेशानी न हो, इसके लिए निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों ने मिलकर काम किया। उन्होंने बताया कि अतिरिक्त बसों के संचालन और बेहतर प्रबंधन के जरिए त्योहारों के दौरान यात्रियों की आवाजाही को सुचारु बनाए रखने की कोशिश की गई।