Breaking News

पीएम मोदी पीएम-किसान योजना के तहत 18,680 करोड़ रुपये करेंगे जारी     |   उत्तराखंड के कई जिलों में आज ऑरेंज अलर्ट जारी     |   दिल्ली-NCR के कुछ हिस्सों में बारिश     |   आज से दो दिन गुजरात के दौरे पर रहेंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी     |   छत्तीसगढ़ में ‘अर्णब’ का कहर, पेंड्रा में धान की फसल बर्बाद; स्कूल-आंगनवाड़ी बंद     |  

पाकिस्तान तक फैले 5 लाख फर्जी ई-मेल आईडी के नेटवर्क का खुलासा, यूपी एटीएस ने कानपुर से आरोपी को किया गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश एटीएस ने फर्जी ई-मेल आईडी बनाकर देश-विदेश में बैठे लोगों को बेचने वाले एक बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है। इस मामले में एटीएस ने कानपुर नगर के 24 वर्षीय अंकित शंखवार को गिरफ्तार किया है। आरोपी के लैपटॉप से करीब 5 लाख फर्जी ई-मेल आईडी मिली हैं। जांच में सामने आया है कि इन आईडी का इस्तेमाल नोएडा, दिल्ली-एनसीआर, गुरुग्राम और मुंबई में स्कूलों व अन्य महत्वपूर्ण स्थानों को बम से उड़ाने की धमकी देने के लिए किया गया था।

इन धमकियों में पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के दिल्ली-एनसीआर में प्रस्तावित शो और एक बॉलीवुड अभिनेता के घर को निशाना बनाने की धमकी भी शामिल है। आरोपी पाकिस्तान, बांग्लादेश और अन्य देशों में बैठे लोगों को फर्जी ई-मेल आईडी बेचता था। इसके बदले वह क्रिप्टोकरेंसी में भुगतान लेता था। एटीएस ने आरोपी के पास से मोबाइल फोन और लैपटॉप बरामद किया है।

पाकिस्तान और कई देशों के लोगों से संपर्क

यूपी एटीएस के अनुसार, आरोपी वर्ष 2021 से फर्जी ई-मेल आईडी बनाने का काम कर रहा था। वह वाई-फाई और प्रॉक्सी नेटवर्क का इस्तेमाल कर अपनी पहचान छिपाता था। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक के ग्रुप्स के माध्यम से इन आईडी की बिक्री करता था।

पूछताछ में पाकिस्तान, बांग्लादेश, तुर्किये और मिस्र समेत कई देशों में बैठे लोगों और समूहों से संपर्क की जानकारी सामने आई है। आरोपी के मोबाइल में अलग-अलग देशों के नंबरों से जुड़े व्हाट्सऐप संपर्क और यूएसडीटी क्रिप्टोकरेंसी के लेन-देन का रिकॉर्ड भी मिला है।

जांच में बांग्लादेशी नागरिक अलामीन इस्लाम को फर्जी ई-मेल आईडी उपलब्ध कराने की बात सामने आई है। इसके बदले आरोपी को 6 हजार यूएसडीटी का भुगतान किया गया था। एटीएस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है।

स्कूलों और दिलजीत दोसांझ के शो को मिली थी धमकी

जांच एजेंसी के मुताबिक, नोएडा, दिल्ली और गुरुग्राम के स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भेजने में जिन ई-मेल आईडी का इस्तेमाल हुआ था, वे आरोपी के लैपटॉप और मोबाइल में मिली हैं। इन धमकी भरे संदेशों में खालिस्तान नेशनल आर्मी और बब्बर खालसा का नाम भी लिया गया था।

इसके अलावा पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के दिल्ली-एनसीआर में प्रस्तावित कार्यक्रम और एक प्रसिद्ध बॉलीवुड अभिनेता के घर पर बम धमाका करने की धमकी दी गई थी। 23 अक्टूबर 2026 को मुंबई के मेयर कार्यालय को बम विस्फोट की धमकी भेजने के मामले में इस्तेमाल हुई ई-मेल आईडी भी आरोपी के पास मिली है। वहीं, 12 अक्टूबर को नोएडा के स्कूलों और अन्य स्थानों पर भेजे गए धमकी भरे ई-मेल से जुड़ी आईडी भी जांच में सामने आई हैं।

लैपटॉप में मिलीं 5 लाख ई-मेल आईडी

एटीएस को आरोपी के लैपटॉप की एक्सेल फाइलों में करीब 5 लाख ई-मेल आईडी मिली हैं। इन आईडी के साथ पासवर्ड, रिकवरी ई-मेल और टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन से जुड़ी जानकारी भी दर्ज थी। इतनी बड़ी संख्या में फर्जी ई-मेल आईडी मिलने के बाद जांच का दायरा बढ़ गया है।

क्रिप्टोकरेंसी से लेता था भुगतान

जांच में पता चला है कि आरोपी फर्जी ई-मेल आईडी बेचने के बदले बाइनेंस क्रिप्टो वॉलेट के माध्यम से भुगतान लेता था। बांग्लादेशी नागरिक अलामीन इस्लाम के साथ व्हाट्सऐप बातचीत और भुगतान से जुड़े साक्ष्य भी मिले हैं।

इस मामले में लखनऊ एटीएस थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस कस्टडी रिमांड मांगने की प्रक्रिया चल रही है। एटीएस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं और देश में अलग-अलग स्थानों पर धमकी भरे ई-मेल भेजने की साजिश में उनकी क्या भूमिका रही है।