Breaking News

झारखंड में राज्यसभा चुनाव से पहले गरमाई सियासत, JMM ने EC को पत्र लिख जताई 'हॉर्स ट्रेडिंग' की आशंका     |   तमिलनाडु में वरिष्ठ IPS अधिकारियों का फेरबदल, टीएस अन्बू ADGP लॉ & ऑडर नियुक्त     |   JK: रोपवे रुकने से हवा में अटके 200 से ज्यादा पर्यटकों को बचाया, रेस्क्यू जारी     |   भारत मौसम विज्ञान विभाग ने तेलंगाना के कई जिलों में लू को लेकर रेड अलर्ट जारी किया     |   बिहार के सीएम सम्राट चौधरी को दिल्ली में कामराज लेन स्थित बंगला नंबर 6 आवंटित     |  

‘मेट्रो मंडे’ अभियान की शुरुआत, CM रेखा गुप्ता ने मेट्रो और बस से किया सफर

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को राजधानी में सरकार के पहले ‘मेट्रो मंडे’ अभियान की शुरुआत की। मुख्यमंत्री ने निजी और सरकारी वाहनों की बजाय दिल्ली मेट्रो और सार्वजनिक फीडर बस से दिल्ली सचिवालय पहुंचकर लोगों को सार्वजनिक परिवहन अपनाने का संदेश दिया। यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऊर्जा सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण के आह्वान के अनुरूप शुरू की गई है। इसका उद्देश्य निजी वाहनों पर निर्भरता कम करना, प्रदूषण घटाना और ट्रैफिक जाम की समस्या से राहत दिलाना है।

मुख्यमंत्री के साथ दिल्ली सरकार के कई मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी भी अपने सरकारी वाहनों को छोड़कर मेट्रो और सार्वजनिक परिवहन से दफ्तर पहुंचे। इसे राजधानी में हरित और टिकाऊ शहरी परिवहन को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सुबह अपने आधिकारिक आवास ‘मुख्यमंत्री जन सेवा सदन’ से पैदल लोक निवास पहुंचीं, जहां उन्होंने उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू से मुलाकात की। इसके बाद वह कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन तक पैदल गईं और वहां से मेट्रो द्वारा आईटीओ स्टेशन पहुंचीं। फिर फीडर बस से दिल्ली सचिवालय पहुंचीं।

इस दौरान वरिष्ठ नेता प्रवेश वर्मा और रविंद्र इंद्राज भी उनके साथ मौजूद रहे। ‘मेट्रो मंडे’ पहल ‘मेरा भारत, मेरा योगदान’ अभियान के तहत शुरू की गई है। मुख्यमंत्री की अपील पर दिल्ली सरकार के कई मंत्रियों और अधिकारियों ने भी सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल किया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, “मैं सभी नागरिकों से अधिक से अधिक सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने की अपील करती हूं। इससे न केवल देश के ईंधन संसाधनों की बचत होगी, बल्कि दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण और ट्रैफिक जाम की समस्या से भी राहत मिलेगी।”

उन्होंने कहा कि अगर लोग अपने दैनिक जीवन में मेट्रो और बसों को शामिल करें तो इससे शहर को बड़ा फायदा होगा। सरकार ‘लास्ट माइल कनेक्टिविटी’ को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने दिल्लीवासियों का आभार जताते हुए कहा कि बड़ी संख्या में लोगों ने ‘मेट्रो मंडे’ अभियान में भाग लिया। उन्होंने कहा, “आज मैं अपने मंत्रियों, विधायकों और अधिकारियों के साथ मेट्रो से सफर कर रही हूं। यह देखकर खुशी हो रही है कि दिल्ली के लोग भी इस अभियान से जुड़ रहे हैं। हम सब मिलकर दिल्ली को और बेहतर बनाएंगे।”