उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने आयुर्वेद, यूनानी और होम्योपैथी मेडिकल कॉलेजों में इंटर्नशिप करने वाले छात्र-छात्राओं को बड़ी राहत दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई कैबिनेट बैठक में इंटर्नशिप भत्ता दोगुना करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई। अब इन विद्यार्थियों को हर महीने 7,500 रुपये के बजाय 15,000 रुपये भत्ता मिलेगा। सरकार के इस फैसले से प्रदेश के कुल 1,714 इंटर्न छात्र-छात्राओं को लाभ होगा। इनमें आयुर्वेद के 588, यूनानी के 150 और होम्योपैथी के 976 विद्यार्थी शामिल हैं।
कैबिनेट के निर्णय के अनुसार, राजकीय आयुर्वेदिक, यूनानी और होम्योपैथी मेडिकल कॉलेजों, संस्थानों और विश्वविद्यालयों से बीएएमएस, बीयूएमएस और बीएचएमएस की परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले विद्यार्थियों को रोटेटिंग इंटर्नशिप के दौरान बढ़ा हुआ भत्ता दिया जाएगा। इन पाठ्यक्रमों की पढ़ाई पूरी करने के बाद विद्यार्थियों के लिए रोटेटिंग इंटर्नशिप करना अनिवार्य होता है। इस दौरान वे संबंधित मेडिकल कॉलेजों, संस्थानों और विश्वविद्यालयों में मरीजों के इलाज में चिकित्सकीय सहयोग करते हैं।
इंटर्नशिप के दौरान छात्र-छात्राएं अस्पतालों के वार्ड, ओपीडी और रात्रि ड्यूटी में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वे मरीजों के उपचार से जुड़ी गतिविधियों में सहयोग करते हैं और चिकित्सकीय कार्यों का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करते हैं। अब भत्ते में दोगुनी वृद्धि होने से इन विद्यार्थियों को इंटर्नशिप के दौरान आर्थिक मदद मिलेगी।