कतर के समुद्री क्षेत्र में एक सैन्य हेलीकॉप्टर तकनीकी खराबी के कारण दुर्घटनाग्रस्त हो गया. इसमें छह लोगों की मौत हो गई और एक लापता है. गृह मंत्रालय लापता शख्स की तलाश में जुटा है. यह घटना ऐसे समय में हुई है जब खाड़ी क्षेत्र में तनाव बढ़ा हुआ है. कतर सरकार ने बताया कि खाड़ी देश के समुद्री क्षेत्र में एक ‘तकनीकी खराबी’ के कारण कतर के एक सैन्य हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने से उसमें सवार छह लोगों की मौत हो गई. हेलीकॉप्टर में कुल सात लोग सवार थे. कतर के गृह मंत्रालय ने रविवार को बताया कि लापता आखिरी शख्स को खोजने के लिए विशेष अभियान जारी हैं. मंत्रालय ने दुर्घटना के कारणों या उसमें सवार लोगों की पहचान के बारे में और कोई जानकारी नहीं दी.
इससे पहले रविवार को कतर के रक्षा मंत्रालय ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट किया कि एक नियमित ड्यूटी के दौरान हेलीकॉप्टर में तकनीकी खराबी आ गई थी. इस कारण से वह देश के समुद्री क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया. तकनीकी खराबी के अलावा दुर्घटना के कारणों के बारे में तुरंत कोई दूसरी जानकारी उपलब्ध नहीं थी और न ही इस बात का कोई संकेत मिला कि यह दुर्घटना किसी बाहरी हमले या कार्रवाई का परिणाम थी. यह घटना ऐसे समय में हुई है जब क्षेत्रीय तनाव काफी बढ़ा हुआ है. 28 फरवरी को अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान पर संयुक्त हमला किए जाने के बाद से कतर को बार-बार ड्रोन और मिसाइल हमलों का सामना करना पड़ा है.
कतर के ऊर्जा मामलों के राज्य मंत्री, साद अल-काबी के अनुसार, कतर की गैस सुविधाओं पर 20 मार्च को ईरान के अभूतपूर्व हमलों से इस खाड़ी देश की लिक्विफाइड नेचुरल गैस (LNG) निर्यात क्षमता को भारी नुकसान पहुंचेगा और अरबों डॉलर का घाटा होगा. काबी एक सरकारी स्वामित्व वाली कंपनी QatarEnergy के CEO भी हैं. इसकी एक सुविधा को ईरान ने निशाना बनाया था. उन्होंने कहा कि मैंने अपने सबसे बुरे सपनों में भी कभी नहीं सोचा था कि कतर और यह पूरा क्षेत्र इस तरह के हमले का शिकार होगा. खासकर एक भाईचारे वाले मुस्लिम देश की ओर से है. वह भी रमजान के पवित्र महीने में ये हम पर इस तरह हमला करेगा.