Breaking News

ईरान से क्रूड ऑयल खरीद के लिए जापान के ऑयल खरीदरों ने बातचीत की     |   'भक्ति का दिखावा, लूट का पेशा... यही RSS का असली चेहरा', पवन खेड़ा का X पोस्ट     |   मोनाको ब्लास्ट केस: इंटरपोल ने संदिग्ध महिला की पहचान की, यूक्रेनी टाइकून था टारगेट     |   पीएम मोदी 6 से 11 जुलाई तक इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूज़ीलैंड का दौरा करेंगे     |   चढ़ावा चोरी केस: आरोपी अनुकल्प मिश्रा ने कराई थी भव्य राम कथा, ₹50 लाख खर्च का दावा     |  

पंजाब में ड्रग्स पर बड़ा प्रहार, 24.5 किलो हेरोइन बरामद; 3 तस्कर गिरफ्तार

पंजाब में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (BSF) के साथ संयुक्त ऑपरेशन में एक अंतरराष्ट्रीय तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। इस दौरान 24.5 किलो हेरोइन और 21 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई, साथ ही तीन मास्टरमाइंड को गिरफ्तार किया गया है। पंजाब पुलिस के डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में इस नेटवर्क के तार पाकिस्तान स्थित हैंडलर्स से जुड़े मिले हैं। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई खुफिया जानकारी के आधार पर दो चरणों में की गई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमृतसर जिले के नूरवाल गांव निवासी जगजीत सिंह उर्फ राणा, औलाख खुर्द निवासी मनप्रीत सिंह उर्फ प्रीत और धोपसरी गांव के रोशन सिंह के रूप में हुई है। डीजीपी के अनुसार, कुछ दिन पहले BSF और पंजाब पुलिस ने संयुक्त ऑपरेशन में एक ड्रोन बरामद किया था और 12 किलो हेरोइन जब्त की थी। ड्रोन की फोरेंसिक जांच के बाद मिले तकनीकी डेटा के आधार पर इन आरोपियों तक पहुंचा गया। इस कार्रवाई में एक ड्रोन भी बरामद किया गया है।

वहीं, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि राज्य सरकार की नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति है। उन्होंने बताया कि अब तक 10,000 से अधिक तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है और उनकी संपत्तियां भी जब्त की गई हैं। सीएम मान ने कहा कि ‘युद्ध नशे विरुद्ध’ अभियान के तहत पंजाब पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है और नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह किसी भी पद पर क्यों न हो। उन्होंने यह भी कहा कि पंजाब पुलिस न सिर्फ राज्य बल्कि देश की सुरक्षा के लिए भी सीमा पर BSF के साथ मिलकर काम कर रही है।