Breaking News

पीएम मोदी ने 'मन की बात' में कारगिल दिवस पर शहीद वीर सैनिकों को किया याद     |   जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही बारिश के बीच खोले गए सलाल बांध के सभी गेट     |   प्रह्लाद जोशी ने शिक्षा मंत्री का कार्यभार संभाला     |   पहले लोग मैनपुरी नाम से घबराते थे : CM योगी आदित्यनाथ     |   '2028 का चुनाव नहीं लड़ूंगा', सिद्धारमैया ने किया बड़ा ऐलान     |  

हिमाचल प्रदेश में अगले 7 दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट, IMD ने भूस्खलन और फ्लैश फ्लड की चेतावनी दी

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने हिमाचल प्रदेश में अगले 5 से 7 दिनों तक मानसून के सक्रिय रहने का अनुमान जताया है। मौसम विभाग के अनुसार कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर जिलों में कई जगह भारी बारिश हो सकती है। IMD के शिमला मौसम केंद्र के प्रमुख शोभित कटियार ने बताया कि पिछले 24 घंटों में राज्य के लगभग सभी जिलों में बारिश हुई। मंडी और हमीरपुर में भारी बारिश दर्ज की गई, जबकि शिमला समेत कई इलाकों में मध्यम बारिश हुई।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि लगातार बारिश के कारण भूस्खलन (लैंडस्लाइड), फ्लैश फ्लड (अचानक बाढ़) और नदियों-नालों का जलस्तर बढ़ सकता है। कई जगह सड़कें फिसलन भरी हो सकती हैं, दृश्यता कम हो सकती है और खेती-बागवानी को भी नुकसान पहुंच सकता है। इन हालात को देखते हुए सिरमौर, शिमला, कुल्लू, मंडी और कांगड़ा जिलों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की गई है। लोगों से अपील की गई है कि खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतें और भूस्खलन संभावित इलाकों में यात्रा करने से बचें।

मौसम विभाग के अनुसार, 1 जुलाई को हिमाचल में मानसून पहुंचने के बाद से राज्य में लगातार बारिश हो रही है। केवल 6 जुलाई को छोड़कर लगभग हर दिन किसी न किसी जिले में भारी बारिश दर्ज की गई है। IMD ने बताया कि इस सप्ताह राज्य में सामान्य से 27 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है। जहां इस अवधि में औसतन 51 मिमी बारिश होती है, वहीं इस बार अब तक 65 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई है। मौसम विभाग ने यह भी कहा है कि 13-14 जुलाई तक मानसून काफी सक्रिय रहेगा। इसके बाद बारिश की गतिविधि धीरे-धीरे कम हो सकती है। हालांकि, लोगों और पर्यटकों को मौसम विभाग की सलाह का पालन करने और मौसम अपडेट पर नजर रखने की अपील की गई है।