अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी ने शुक्रवार को अपनी पत्नी प्रीति अडानी के साथ केदारनाथ धाम में भगवान शिव के दर्शन किए। यह खास मौका उनकी शादी की 40वीं सालगिरह का था। अडानी ने सोशल मीडिया पोस्ट में अपनी पत्नी को जीवन का सहारा बताते हुए कहा कि चार दशकों के इस सफर में प्रीति हर चुनौती में मजबूत ताकत और हर सफलता में अहम आधार रही हैं। उन्होंने भगवान महादेव से देश की तरक्की, समृद्धि और मजबूती के लिए प्रार्थना भी की।
इसी मौके पर गौतम अडानी ने अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर एक नई पहल “अपनी बात, अपनों के साथ” शुरू करने की घोषणा की। इस पहल के जरिए वे अडानी ग्रुप के करीब 4 लाख कर्मचारियों से सीधे जुड़ेंगे। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ औपचारिक संवाद नहीं, बल्कि कर्मचारियों से दिल से जुड़ने की कोशिश है। इस प्लेटफॉर्म के माध्यम से वे अपने विचार, अनुभव और सीख साझा करेंगे, साथ ही दूसरों से सीखने का प्रयास भी करेंगे।अडानी ने विश्वास जताया कि जब अडानी परिवार के लाखों लोग एकजुट होकर देश निर्माण में योगदान देंगे, तो इससे न सिर्फ प्रोजेक्ट्स बनेंगे, बल्कि विकसित भारत के सपने को साकार करने में भी मदद मिलेगी।