दिल्ली पुलिस ने राजधानी में नशे के कारोबार और संगठित अपराध के खिलाफ 'ऑपरेशन कवच 14.0' के तहत 48 घंटे का बड़ा अभियान चलाया। 22 जून से 24 जून तक चले इस अभियान के दौरान दिल्ली के सभी 15 जिलों में 4,035 स्थानों पर एक साथ छापेमारी की गई। दिल्ली पुलिस के अनुसार, इस अभियान में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत 212 मामले दर्ज किए गए और 255 ड्रग तस्करों व नशा कारोबारियों को गिरफ्तार किया गया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 237 किलोग्राम से अधिक गांजा, 5.1 किलोग्राम OG गांजा, 1.09 किलोग्राम हेरोइन, साथ ही कोकीन, MDMA और मेथामफेटामाइन बरामद की। इसके अलावा 23.27 लाख रुपये की ड्रग्स से जुड़ी नकदी भी जब्त की गई। अभियान के दौरान अवैध हथियारों और शराब के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। आर्म्स एक्ट के तहत 315 मामलों में 329 लोगों को गिरफ्तार किया गया। वहीं, 405 शराब तस्करों को पकड़कर 53,448 क्वार्टर अवैध शराब बरामद की गई।
इसके अलावा पुलिस ने 600 जुआरियों को गिरफ्तार किया और उनके पास से 7.16 लाख रुपये नकद बरामद किए। साथ ही 49 घोषित अपराधियों और 55 वाहन चोरों को भी गिरफ्तार किया गया। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने 1,900 लोगों को एहतियातन हिरासत में भी लिया, ताकि संभावित अपराधों को रोका जा सके।
दिल्ली पुलिस ने बताया कि 'ऑपरेशन कवच' की शुरुआत मई 2023 में नशे के कारोबार पर पूरी तरह लगाम लगाने के उद्देश्य से की गई थी। इस अभियान के तहत सड़क स्तर के ड्रग पेडलरों से लेकर बड़े तस्करों तक के पूरे नेटवर्क पर कार्रवाई की जाती है। अब तक ऑपरेशन कवच के 14 चरण पूरे हो चुके हैं, जिनमें बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थ बरामद किए गए हैं और कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।