अयोध्या में दीपोत्सव-2026 की भव्यता से पर्यटन कारोबार को भी बड़ा फायदा हुआ है। 36 लाख दीपों से जगमगाई रामनगरी और 2100 ड्रोन के शो को देखने के लिए देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचे। इसका सीधा असर होटल और होमस्टे कारोबार पर पड़ा। दीपोत्सव के दौरान होमस्टे पूरी तरह बुक रहे और स्थानीय परिवारों की आमदनी में बढ़ोतरी हुई।
एक से सात नवंबर तक अयोध्या में करीब 15 लाख पर्यटक पहुंचे, जबकि पिछले साल इसी अवधि में आठ लाख से अधिक पर्यटक आए थे। वहीं, रामलला के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या भी पिछले वर्ष के पांच लाख से बढ़कर इस बार करीब 10 लाख हो गई। पर्यटकों की बढ़ती संख्या से स्थानीय कारोबारियों को अच्छा लाभ मिला।
होमस्टे में शत-प्रतिशत बुकिंग, कारोबार में बढ़ोतरी
श्रीरामदूत निवास होमस्टे के संचालक वासुदेव मौर्य ने बताया कि दीपोत्सव के दौरान उनके कारोबार में सामान्य दिनों के मुकाबले करीब 120 से 130 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। सभी कमरे बुक रहे और महाराष्ट्र से आए कई पर्यटकों ने अपना ठहराव भी बढ़ाया। मेहमानों को घर का बना खाना, पारिवारिक माहौल और हनुमानगढ़ी के लड्डू खूब पसंद आए। उनके यहां कमरों का किराया प्रतिदिन 1000 से 1200 रुपये रहा।
कुसुम होमस्टे के संचालक अविनाश कुसुम ने बताया कि दीपोत्सव के दौरान रोजाना सभी कमरे भरे रहे। परिवार के साथ आए पर्यटकों ने बाहर के खाने के बजाय घर में बना ताजा भोजन पसंद किया। छोटे बच्चों के लिए हल्का भोजन और गर्म पानी जैसी सुविधाओं से मेहमानों को सहूलियत मिली। कई पर्यटकों ने यहां ठहरने के अनुभव को रिश्तेदार के घर जैसा बताया।
श्री शिवाय होमस्टे के संचालक प्रवीण मिश्रा के मुताबिक, दीपोत्सव के दौरान उनके यहां भी शत-प्रतिशत बुकिंग रही। गुजरात सहित कई राज्यों से आए पर्यटकों ने घरेलू माहौल और आतिथ्य की सराहना की। इस दौरान अच्छे कारोबार से उनके परिवार की आमदनी बढ़ी है।
महिलाओं और युवाओं के लिए भी बढ़े रोजगार के अवसर
पूनम होमस्टे की संचालक पूनम सोनकर ने बताया कि दीपोत्सव के दौरान उनके यहां 80 प्रतिशत कमरे बुक रहे। कई पर्यटकों ने अपना ठहराव भी बढ़ाया। मेहमानों का स्वागत अयोध्या के प्रसिद्ध खुर्चन पेड़े से किया गया। उन्होंने बताया कि उनके बेटे ने दूसरे शहर में नौकरी का प्रस्ताव मिलने के बावजूद अयोध्या में रहकर परिवार के कारोबार से जुड़ने का फैसला किया। इस कारोबार से दो अन्य लोगों को भी रोजगार मिला है।
द रामा जंक्शन (बीएंडबी) की संचालक राजकुमारी तिवारी ने बताया कि उनके पति के सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद होमस्टे परिवार की आय का महत्वपूर्ण जरिया बना है। दीपोत्सव के दौरान उनके यहां सभी कमरे बुक रहे। केरल और तमिलनाडु से आए पर्यटकों ने यहां ठहराव किया। इस कारोबार से उनके पति को सेवानिवृत्ति के बाद भी सक्रिय रहने और परिवार की आमदनी बढ़ाने का अवसर मिला है।
दीपोत्सव से स्थानीय लोगों को मिल रहा रोजगार
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि दीपोत्सव केवल आस्था और संस्कृति का पर्व नहीं, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और आजीविका के अवसर बढ़ाने का माध्यम भी बन रहा है। अयोध्या में होमस्टे के प्रति पर्यटकों का बढ़ता रुझान बताता है कि पर्यटन का लाभ अब स्थानीय परिवारों तक पहुंच रहा है। लोग अपने घरों में पर्यटकों के ठहरने की व्यवस्था कर अतिरिक्त आमदनी कर रहे हैं और दूसरों को भी रोजगार दे रहे हैं।
पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात ने कहा कि अयोध्या में होमस्टे पर्यटन व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा बन रहे हैं। इनके जरिए पर्यटकों को स्थानीय संस्कृति, खानपान और रहन-सहन को करीब से जानने का अवसर मिलता है। वहीं, स्थानीय परिवारों को अपनी आय बढ़ाने और रोजगार के नए अवसर पैदा करने में मदद मिल रही है। दीपोत्सव के दौरान होमस्टे कारोबार को मिली रफ्तार से अयोध्या की स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिली है। इससे युवाओं और महिलाओं के लिए अपने ही शहर में रोजगार और स्वरोजगार की संभावनाएं बढ़ रही हैं।