Breaking News

सहारनपुर: कांवड़ यात्रा सुरक्षा को पुलिस का कंट्रोल रूम तैयार, 3 हजार CCTV लगाए     |   अगस्त महीने में देश भर में सामान्य से कम होगी बारिश, मौसम विभाग ने जताई आशंका     |   अगस्त महीने में देश भर में सामान्य से कम होगी बारिश, मौसम विभाग ने जताई आशंका     |   उत्तराखंड: हरिद्वार में गंगा नदी में 4 कांवड़िए डूबे, SDRF ने सभी शव बरामद किए     |   राष्ट्रमंडल खेलः महिला बॉक्सिंग के फाइनल में पहुंचीं प्रीति पवार, पक्का किया रजत पदक     |  

Commonwealth Games 2026: अंकुश पंघाल ने बॉक्सिंग फाइनल में बनाई जगह, भारत का सिल्वर मेडल पक्का

भारतीय मुक्केबाज अंकुश पंघाल ने शुक्रवार को कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में पुरुषों के 80 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में जगह बना ली। उन्होंने सेमीफाइनल मुकाबले में कनाडा के जोशुआ ओफोरी को सर्वसम्मत निर्णय से हराकर भारत के लिए कम से कम सिल्वर मेडल पक्का कर दिया है।अंकुश ने इससे पहले क्वार्टर फाइनल में सेशेल्स के जेड माइकोक को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई थी। सेमीफाइनल मुकाबले में उन्होंने शुरुआत से ही शानदार स्पीड, सटीक पंच और बेहतरीन संयम का प्रदर्शन किया।

पहले राउंड में अंकुश ने शानदार कॉम्बिनेशन और सटीक पंच लगाकर बढ़त बनाई। सभी पांच जजों ने यह राउंड अंकुश के पक्ष में दिया। दूसरे राउंड में कनाडा के ओफोरी ने आक्रामक रुख अपनाने की कोशिश की, लेकिन अंकुश ने सटीक पंच लगाते हुए अपना दबदबा कायम रखा। इस दौरान ओफोरी को सिर के पीछे पंच मारने के कारण एक अंक का नुकसान भी हुआ। अंकुश ने यह राउंड भी 5-0 से अपने नाम किया।

आखिरी राउंड में ओफोरी ने वापसी के लिए आक्रामक हमले किए, लेकिन अंकुश ने धैर्य बनाए रखते हुए शानदार डिफेंस किया और अहम पंच लगाए। अंत में भारतीय मुक्केबाज ने सर्वसम्मत निर्णय से मुकाबला जीतकर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। अब अंकुश पंघाल के पास कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत के लिए गोल्ड मेडल जीतने का मौका है। उनकी जीत से ग्लासगो में भारतीय बॉक्सिंग टीम के शानदार प्रदर्शन को और मजबूती मिली है।

इससे पहले शुक्रवार को ही भारतीय मुक्केबाज प्रीति पवार ने भी महिलाओं के 54 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में जगह बनाई थी। उन्होंने सेमीफाइनल में जाम्बिया की कैथरीन म्वापे को सर्वसम्मत निर्णय से हराया। भारत ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में अब तक कुल 17 मेडल जीते हैं। इनमें 3 गोल्ड, 9 सिल्वर और 5 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं।

भारत के लिए गोल्ड मेडल मीराबाई चानू (महिलाओं की 48 किग्रा वेटलिफ्टिंग), शर्मिला धांकर (महिलाओं की शॉट पुट F57) और दिलीप गावित (पुरुषों की 100 मीटर T47) ने जीते हैं। सिल्वर मेडल जीतने वाले भारतीय खिलाड़ियों में ऋषिकांता सिंह, मुथुपांडी राजा, ज्ञानेश्वरी यादव, सर्वेश कुशारे, वल्लूरी अजया बाबू, हरजिंदर कौर, गुलवीर सिंह, मुरली श्रीशंकर, मोहम्मद बासिल और लवप्रीत सिंह शामिल हैं। वहीं, झंडू कुमार, बिंद्यारानी देवी, शिल्पा के शायला और सीमा कालीरमणा ने भारत के लिए ब्रॉन्ज मेडल जीते हैं।