Dehradun: खेत में पानी लगाने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी जंग में तब्दील हो गया,खेत में पानी लगाने को लेकर दो पक्षों के बीच शुरू हुए मामूली विवाद के बाद कुछ युवकों ने गांव में इकट्ठा होकर विनोद नाम के युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। इस मारपीट में गंभीर रूप से घायल विनोद की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हैं। लहूलुहान हालत में घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पूरा मामला विकासनगर के सहसपुर थाना क्षेत्र के बैरागीवाला गांव का है… जहां एक मामूली विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। मामला दो अलग-अलग संप्रदाय के युवकों के बीच होने की वजह से पूरे क्षेत्र में तनाव फैल गया है…
घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने गांव में पहुंचकर प्रदर्शन शुरू कर दिया… प्रदर्शनकारियों की मांग है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कदम उठाए जाएं और उत्तर प्रदेश की तर्ज पर उनके घरों पर बुलडोजर कार्रवाई की जाए। वहीं गांव में दो संप्रदायों के बीच उपजे तनाव को देखते हुए पुलिस के आला अधिकारियों सहित देहरादून जिले के कई थानों की फोर्स को तुरंत मौके पर तैनात कर दिया गया है… देर रात संवेदनशीलता को देखते हुए मौके पर पी.ए.सी (PAC) बल को भी बुला लिया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय विधायक मुन्ना सिंह चौहान भी मौके पर पहुंचे… विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने बताया कि आपराधिक प्रवृत्ति के कुछ तत्वों ने इस वारदात को अंजाम दिया है। अपने सख्त लहजे में विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने पुलिस प्रशासन को इस मामले में बिना किसी ढिलाई के आरोपियों पर कठोरतम कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं…
सहसपुर के बैरागीवाला गांव में खेत में पानी लगाने जैसे मामूली विवाद से शुरू हुआ झगड़ा सड़कों पर मारपीट में बदल गया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने दूसरे पक्ष पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिसमें विनोद कुमार नाम के युवक को गंभीर चोटें आईं और इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश देखा गया। मुख्य हाईवे पर भी सैकड़ों लोगों ने इकट्ठा होकर अपना विरोध दर्ज कराया।
स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ रात में ही मौके पर मुस्तैद हो गए। प्रदर्शनकारियों को समझाने-बुझाने के साथ ही गांव और आस-पास के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा घेरा कड़ा कर दिया गया है। पुलिस ने साफ किया है कि तहरीर मिलते ही सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी और कानून के मुताबिक कठोर से कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।