Breaking News

J-K: किश्तवाड़ में सुरक्षाबलों की आतंकियों से मुठभेड़, जैश का एक आतंकी ढेर     |   जम्मू में बीजेपी अल्पसंख्यक मोर्चा का राहुल गांधी के खिलाफ प्रदर्शन     |   लोकसभा में नहीं हुआ पीएम मोदी का संबोधन, हंगामे के बीच कार्यवाही फिर स्थगित     |   पीएम मोदी आज शाम 5 बजे संसद को करेंगे संबोधित     |   काठमांडू-इस्तांबुल फ्लाइट की कोलकाता एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग     |  

CM नीतीश कुमार ने PMCH के पुनर्विकास व निर्माणाधीन कार्य का किया निरीक्षण

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के पुनर्विकास और निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण करते हुए मुख्यमंत्री ने नवनिर्मित आपातकालीन भवन (फेज-1) के प्रथम तल पर रेडियोलॉजी विभाग में उपलब्ध कराई गई स्वास्थ्य सुविधाओं एवं अन्य विकास कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि रेडियोलॉजी विभाग में विश्वस्तरीय सी टी स्कैन, एम आर आई मशीनों के अलावा हर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है। नवनिर्मित आपातकालीन भवन के पांचवे तल पर पहुंचकर मुख्यमंत्री ने शिशु विभाग में उपलब्ध कराई गई स्वास्थ्य सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने एन आई सी यू (निओनेटिकल इंटैन्सिव केयर यूनिट) वार्ड, नर्स स्टेशन, स्वच्छ एवं मलिन वस्त्र भंडार आदि का जायजा लिया।

इसी के साथ ही मुख्यमंत्री ने अस्पताल प्रांगण में चल रहे पुनर्विकास एवं निर्माणाधीन कार्यों का भी जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से पटना मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल के पुनर्विकास एवं निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति एवं वर्तमान स्थिति की विस्तृत जानकारी ली। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि पुनर्विकास कार्य के तहत पी एम सी एच को 5462 बेड की क्षमता के रूप में विस्तार कर कार्य तेज गति से आगे बढ़ रहा है जहां मरीजों के लिए विश्वस्तरीय चिकित्सा सुविधा की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जा रही है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्य में तेजी लाकर निर्धारित समय-सीमा के अंदर कार्य पूर्ण कराए जाए। निर्माण कार्य की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों को विशेष रूप से ध्यान में रखते हुए काम को पूरा कराया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि चिकित्सा सुविधाओं को आधुनिक बनाने के साथ ही यहां चिकित्सकों के आवासन की सुविधा भी सुनिश्चित कराई जाए। यहां आने वाले मरीजों को किसी प्रकार की कठिनाई न हो, उन्हें अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधा और ससमय इलाज मिल सके इसका विशेष रूप से ख्याल रखा जाए।