Breaking News

गलत इरादे से हुआ बयान का इस्तेमाल: कॉकरोच वाले बयान पर बोले CJI सूर्यकांत     |   PM पर राहुल गांधी का बयान निम्नस्तरीय और निंदनीय, व्यक्तिगत पीड़ा हुई: राजनाथ सिंह     |   उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने चमोली टनल हादसे में लोगों की मौत पर दुख जताया     |   जुलाई में थोक मूल्य महंगाई में गिरावट, जुलाई में 0.9% घटकर 9.78 फीसदी रही     |   आरजी कर रेप-मर्डर केस: पूर्व TMC MLA निर्मल घोष पर पुलिस स्टेशन के बाहर भीड़ का हमला     |  

चमोली सुरंग हादसा: 12 मजदूर रेस्क्यू, 7 शव बरामद, 3 लापता, CM धामी ने किया 4-4 लाख मुआवजे का ऐलान

उत्तराखंड के चमोली में THDC की निर्माणाधीन सुरंग में हुए हादसे के बाद राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है। NDRF के DIG मोहन शहदी ने शुक्रवार को बताया कि अब तक 12 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है, जबकि 7 मजदूरों के शव बरामद किए गए हैं। वहीं, 3 मजदूर अभी भी लापता हैं। सुरंग में फंसे बाकी तीन लोगों को बाहर निकालने के लिए NDRF, SDRF, राज्य पुलिस, CISF, ITBP और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद हैं। हालांकि, लगातार हो रही बारिश के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में मुश्किलें बढ़ रही हैं। सुरंग के अंदर पानी का स्तर भी लगातार बढ़ रहा है।

NDRF DIG मोहन शहदी ने बताया कि हादसा गुरुवार शाम हुआ था। इसके बाद NDRF समेत कई एजेंसियों ने तुरंत बचाव अभियान शुरू किया। उन्होंने कहा कि सुरंग में कुल 22 लोग प्रभावित हुए थे, जिनमें से 12 को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है और 7 शव बरामद किए जा चुके हैं। तीन लोग अभी भी लापता हैं। उन्होंने बताया कि करीब 2.5 किलोमीटर लंबी सुरंग के अंदर 5 से 6 फीट तक पानी भर गया है। लगातार पानी आने, ऑक्सीजन का स्तर कम होने और भूस्खलन के खतरे के कारण रेस्क्यू टीमों को काफी सावधानी से काम करना पड़ रहा है।

NDRF अधिकारी ने कहा कि सभी टीमें सुरक्षा मानकों का ध्यान रखते हुए बचाव अभियान चला रही हैं और लापता लोगों को खोजने की कोशिश जारी है। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चमोली सुरंग हादसे की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले मजदूरों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा भी की है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सुरंग में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है। घायल मजदूरों का इलाज कराया जा रहा है और लापता लोगों की तलाश में बचाव टीमें जुटी हुई हैं। बचाव अभियान में NDRF, SDRF, DDRF और ITBP की टीमें संयुक्त रूप से काम कर रही हैं। सुरंग के अंदर पानी और जमा मलबे के कारण बचाव अभियान चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।

रेस्क्यू टीमें बारी-बारी से सुरंग के अंदर जाकर हालात का जायजा ले रही हैं। पानी भरे हिस्से में मैनुअली सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है, ताकि लापता तीन मजदूरों का पता लगाया जा सके। सभी एजेंसियों के बीच लगातार समन्वय बनाया जा रहा है और हालात के अनुसार रेस्क्यू ऑपरेशन की रणनीति में बदलाव किया जा रहा है। प्रशासन की प्राथमिकता लापता मजदूरों को जल्द से जल्द सुरक्षित बाहर निकालना है।