Breaking News

उत्तराखंड में 10 IAS और 20 PCS अफसरों का ट्रांसफर, कई जिलों के CDO बदले     |   दिल्ली: शास्त्री पार्क अंडरपास के पास डीटीसी बस में लगी आग     |   सऊदी अरब में हूतियों का ड्रोन अटैक, पंपिंग स्टेशन को निशाना बनाने का दावा     |   अमेरिका: ब्रुकलिन में इमारत गिरने से एक की मौत, 10 जख्मी     |   हैदराबाद: मूसी कायाकल्प का पहला चरण जल्द होगा शुरू, CM रेवंत रेड्डी का ऐलान     |  

सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग में बरेली फिर बना यूपी का नंबर-1 जिला, पीलीभीत दूसरे स्थान पर

उत्तर प्रदेश की अक्टूबर माह की सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग में बरेली ने एक बार फिर पूरे प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। पीलीभीत दूसरे और रामपुर तीसरे स्थान पर रहा। यह रैंकिंग विकास कार्यों, राजस्व प्रबंधन, कानून-व्यवस्था और जनशिकायतों के निस्तारण समेत कई मानकों के आधार पर जारी की गई है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर जनसमस्याओं के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान पर जोर दिया जा रहा है। इसका असर जिलों की रैंकिंग में भी दिखाई दे रहा है। संबंधित जिलाधिकारियों के मुताबिक, शिकायतों का तेजी से निस्तारण और लोगों से मिलने वाला बेहतर फीडबैक इस उपलब्धि की प्रमुख वजह है।

9.37 अंक के साथ बरेली पहले स्थान पर

बरेली के जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने बताया कि अक्टूबर की रैंकिंग में जिले को 10 में से 9.37 अंक मिले हैं। इसके साथ बरेली ने प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप विकास कार्यों को तय समय में गुणवत्ता के साथ पूरा किया जा रहा है। सीएम डैशबोर्ड पर मिलने वाली शिकायतों का भी प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जा रहा है। वहीं, पीलीभीत ने 9.29 अंक हासिल कर प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त किया है।

9.12 अंक के साथ रामपुर तीसरे स्थान पर

रामपुर के जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने बताया कि अक्टूबर की रैंकिंग में जिले को 10 में से 9.12 अंक मिले हैं। विकास और राजस्व कार्यों की संयुक्त श्रेणी में रामपुर ने 91.20 प्रतिशत अंक हासिल कर प्रदेश में तीसरा स्थान प्राप्त किया।

उन्होंने बताया कि मुरादाबाद मंडल में भी रामपुर ने लगातार 10वें महीने पहला स्थान बरकरार रखा है। मंडल के अन्य जिलों में मुरादाबाद प्रदेश में 10वें, संभल 13वें, अमरोहा 45वें और बिजनौर 60वें स्थान पर रहा।

टॉप-10 में इन जिलों ने भी बनाई जगह

अक्टूबर की सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग में शाहजहांपुर 9.11 अंक के साथ चौथे और ललितपुर 9.10 अंक के साथ पांचवें स्थान पर रहा। बागपत ने 9.08 अंक के साथ छठा, हमीरपुर ने 9.05 अंक के साथ सातवां और अंबेडकरनगर ने 9.01 अंक के साथ आठवां स्थान हासिल किया। इसके अलावा आजमगढ़ 9.00 अंक के साथ नौवें और मुरादाबाद 8.99 अंक के साथ दसवें स्थान पर रहा।