मुंबई में अभिनेता अर्जुन बिजलानी की कार का हाल ही में एक्सीडेंट हो गया। यह हादसा उस समय हुआ, जब वह अपने आगामी प्रोजेक्ट ‘चुंबक’ के प्रमोशन से लौट रहे थे। अर्जुन अपने शो के प्रमोशनल सिलसिले में ‘इंडियन गेम शो’ में शामिल होने गए थे। शूटिंग से वापस लौटते समय उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हालांकि, राहत की बात यह है कि अर्जुन बिजलानी और कार में सवार सभी लोग सुरक्षित हैं। हादसे में किसी को गंभीर चोट नहीं आई है।
अर्जुन की टीम ने एक बयान जारी कर बताया, “अर्जुन प्रोजेक्ट के प्रमोशनल एक्टिविटीज के तहत इंडियन गेम शो में शामिल होने गए थे। शूटिंग से लौटते समय उनकी कार का एक्सीडेंट हो गया। शुक्र है कि अर्जुन और कार में यात्रा कर रहे सभी लोग सुरक्षित हैं। किसी को गंभीर चोट नहीं आई और अभिनेता बिल्कुल ठीक हैं।”
टीम ने आगे कहा कि इस घटना से थोड़ी चिंता जरूर हुई, लेकिन सभी सुरक्षित हैं। अर्जुन अब भी नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने वाले ‘चुंबक’ के प्रमोशन को लेकर उत्साहित हैं। ‘चुंबक’ में अर्जुन बिजलानी के अलावा नीना गुप्ता, देवेन भोजानी, हेली शाह, मानसी पारेख, सुमीत व्यास, संदीपा धर, सुमीत राघवन, अनंत वी. जोशी, अमायरा दस्तूर, डेलनाज ईरानी और अतुल कुमार जैसे कलाकार नजर आएंगे। इस शो के लेखक-निर्देशक और सह-निर्माता आतिश कपाड़िया और निर्माता व शो रनर जेडी मजेठिया हैं। दोनों ‘साराभाई वर्सेज साराभाई’ और ‘खिचड़ी’ जैसे लोकप्रिय शो के लिए जाने जाते हैं।