Breaking News

बांग्लादेश में खसरे का भयंकर प्रकोप, संदिग्ध और पुष्ट मौतों का आंकड़ा 500 के पार     |   PM मोदी ने चीन के कोयला खदान धमाके में हुई मौतों पर शोक जताया     |   हम चाहते हैं कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज जल्द से जल्द खुले: मार्को रुबियो     |   पाकिस्तान के आर्मी चीफ मुनीर ईरान से रवाना     |   UP: बिजली कटौती पर एक्शन, सस्पेंड किए गए दो बड़े अधिकारी     |  

दिल्ली में हीटवेव से राहत के लिए 13 मोबाइल यूनिट्स शुरू, CM रेखा गुप्ता ने दिखाई हरी झंडी

दिल्ली में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को दिल्ली सचिवालय से 13 मोबाइल हीट रिलीफ यूनिट्स को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन यूनिट्स का उद्देश्य लोगों को गर्मी से राहत पहुंचाना और जरूरी सहायता उपलब्ध कराना है। अधिकारियों के मुताबिक, ये मोबाइल यूनिट्स साफ पीने का पानी, ORS पैकेट, फर्स्ट एड सुविधा के साथ-साथ सूती गमछे और कैप वितरित करेंगी, ताकि लोग तेज गर्मी से बच सकें।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने ‘हीट एक्शन प्लान’ बुकलेट भी जारी की, जिसका उद्देश्य लोगों में जागरूकता बढ़ाना और हीटवेव से निपटने की तैयारियों को मजबूत करना है। प्रशासन ने लोगों को सलाह दी है कि वे पर्याप्त पानी पिएं, तेज धूप में बाहर निकलने से बचें और दोपहर के समय विशेष सावधानी बरतें। किसी भी आपात स्थिति में 112 हेल्पलाइन पर संपर्क किया जा सकता है।

इससे पहले सोमवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गर्मियों के दौरान पानी की आपूर्ति को लेकर एक उच्चस्तरीय बैठक की थी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पानी की सप्लाई में किसी तरह की कमी न हो और शिकायतों का तुरंत समाधान किया जाए। लापरवाही बरतने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार सिर्फ तात्कालिक राहत पर नहीं, बल्कि दिल्ली को पेयजल संकट से स्थायी रूप से मुक्त करने के लिए दीर्घकालिक योजनाओं पर भी काम कर रही है।

बैठक में जल मंत्री प्रवेश साहिब सिंह, मुख्य सचिव राजीव वर्मा और दिल्ली जल बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। सभी प्रमुख जल शोधन संयंत्रों—सोनिया विहार, भागीरथी, चंद्रावल, वजीराबाद, हैदरपुर, नांगलोई, ओखला, बावाना और द्वारका—को पूरी क्षमता से संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार हरियाणा के साथ मिलकर कच्चे पानी में अमोनिया के स्तर पर नजर रख रही है, ताकि जल शोधन संयंत्रों का संचालन बाधित न हो। जिन क्षेत्रों में पानी की कमी है, वहां विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं ताकि सप्लाई में कमी को दूर किया जा सके।