भारतीय सिनेमा के दिग्गज फिल्म निर्माता और निर्देशक सिंगीतम श्रीनिवास राव का बीमारी के चलते निधन हो गया। उन्होंने शनिवार रात चेन्नई के कावेरी अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके निधन की जानकारी परिवार के सूत्रों ने दी। सिंगीतम श्रीनिवास राव का भारतीय सिनेमा में शानदार योगदान रहा। उनके पार्थिव शरीर को चेन्नई के विरुगंबाक्कम स्थित उनके आवास पर सार्वजनिक श्रद्धांजलि के लिए रखा गया है। उनका अंतिम संस्कार रविवार दोपहर करीब 2 बजे चेन्नई के नेसापक्कम श्मशान घाट में किया जाएगा।
कई यादगार फिल्मों का किया निर्देशन
सिंगीतम श्रीनिवास राव अपनी रचनात्मक सोच और अलग तरह की कहानी कहने के लिए जाने जाते थे। उन्होंने 'राजा पार्वई', 'अपूर्व सगोदरर्गल', 'माइकल मदना काम राजन', 'कधला कधला' और 'लिटिल जॉन' जैसी फिल्मों का निर्देशन किया।
उनकी निर्देशन प्रतिभा को फिल्म 'दिक्कत्रा पारवती' के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया था। उन्होंने अपने लंबे करियर में भारतीय सिनेमा की अलग-अलग भाषाओं और शैलियों में काम किया।
आखिरी फिल्म 'सिंग गीतम' रही
सिंगीतम श्रीनिवास राव फिल्म जगत में आखिरी समय तक सक्रिय रहे। इस साल की शुरुआत में उनकी अंतिम फिल्म 'सिंग गीतम' रिलीज हुई थी। उनके निधन की खबर सामने आने के बाद फिल्म जगत में शोक की लहर दौड़ गई। तेलुगु फिल्म निर्माता श्रीनु वैतला ने उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए उनकी कल्पनाशीलता, नवाचार और कहानी कहने के जुनून को याद किया। गीतकार वैरामुथु ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि सिंगीतम श्रीनिवास राव की कलात्मक उपलब्धियां उन्हें हमेशा जीवित रखेंगी।