राजकुमार राव और सान्या मल्होत्रा स्टारर आगामी फिल्म ‘Toaster’ की रिलीज डेट का ऐलान कर दिया गया है। मेकर्स ने फिल्म की जानकारी साझा करते हुए बताया कि यह एक डार्क कॉमेडी है, जो एक साधारण स्थिति के अराजक हो जाने के इर्द-गिर्द घूमती है। फिल्म की कहानी एक ऐसी शादी के इर्द-गिर्द है, जो गिफ्ट्स के आदान-प्रदान के बाद टूट जाती है। इसके बाद एक शख्स उस टोस्टर को लेकर अड़ा रहता है, जो उसने गिफ्ट में दिया था, और यहीं से शुरू होता है मजेदार और उलझनों से भरा घटनाक्रम।
विवेक दास चौधरी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में अभिषेक बनर्जी, अर्चना पूरन सिंह, फराह खान, उपेंद्र लिमये, विनोद रावत, जितेंद्र जोशी और सीमा पाहवा भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। ‘Toaster’ खास इसलिए भी है क्योंकि यह राजकुमार राव और पत्रलेखा के प्रोडक्शन हाउस ‘Kampa Film’ की पहली फिल्म है। पत्रलेखा ने प्रोडक्शन में कदम रखने को लेकर कहा कि नेटफ्लिक्स के साथ इस यात्रा की शुरुआत करना उनके लिए खास है, क्योंकि प्लेटफॉर्म हमेशा अलग और अनोखी कहानियों को बढ़ावा देता रहा है।
उन्होंने कहा, “Toaster ने हमें पहली ही बार में आकर्षित कर लिया, क्योंकि यह अनपेक्षित परिस्थितियों में हास्य खोजती है। यह हमारी पहली फिल्म है, इसलिए यह अनुभव हमारे लिए बेहद खास है।” वहीं, राजकुमार राव के आगामी प्रोजेक्ट्स की बात करें तो वह जल्द ही ‘Nikam’ में नजर आएंगे, जो प्रसिद्ध पब्लिक प्रॉसिक्यूटर उज्ज्वल निकम के जीवन पर आधारित है। इसके अलावा वह ‘Raftaar’ में भी दिखाई देंगे, जो 24 जुलाई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।