Breaking News

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के एक संदिग्ध को कोटा से हिरासत में लिया गया     |   हैदराबाद के पास सड़क हादसा, खड़ी लॉरी से टकराई RTC बस, 15 घायल     |   कनाडाई सैन्य अड्डे पर घास में लगी आग, 4 लोगों की मौत     |   तेल अवीव-वियना फ्लाइट को मिली बम से उड़ाने की धमकी, बुल्गारिया में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग     |   भारत छोड़ने के नोटिस को इमरान खान ने दी चुनौती, बॉम्बे हाई कोर्ट में सुनवाई आज     |  

टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद सलमान खान के घर की सुरक्षा बढ़ी, गुजरात तक पहुंची पुलिस की जांच

अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग की घटना के बाद मुंबई में सलमान खान के घर के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। रविवार शाम जुहू इलाके में हुई इस घटना के बाद सलमान खान के बांद्रा स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर बुलेटप्रूफ जैकेट पहने पुलिसकर्मी और पुलिस की गाड़ियां तैनात दिखाई दीं।

पुलिस के मुताबिक, रविवार शाम करीब 7 बजे टाइगर श्रॉफ एक फुटबॉल क्लब से निकल रहे थे, तभी अज्ञात लोगों ने उनकी कार पर गोलियां चलाईं। टाइगर को सीधे गोली लगने से चोट नहीं आई, लेकिन उनके ड्राइवर को चोटें आईं। पुलिस उपायुक्त मोहित गर्ग ने भी पुष्टि की कि क्लब परिसर से निकलते समय अभिनेता की गाड़ी को निशाना बनाया गया था।

गुजरात तक आरोपियों की तलाश में जुटी क्राइम ब्रांच

मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। जांच में जुटी टीमें गुजरात तक पहुंचकर संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। आरोपियों को टाइगर श्रॉफ की गतिविधियों की जानकारी थी। उन्हें पता था कि अभिनेता हर रविवार फुटबॉल खेलने के लिए मैदान आते हैं। जांचकर्ताओं को शक है कि फायरिंग से पहले आरोपियों ने इलाके की रेकी की थी और अभिनेता की दिनचर्या के बारे में जानकारी जुटाई थी।

वारदात के बाद संदिग्ध एसवी रोड से विले पार्ले और अंधेरी की ओर भागे। इसके बाद उन्होंने अंधेरी पश्चिम रेलवे स्टेशन के पास अपनी मोटरसाइकिल छोड़ दी और बोरीवली की ओर जाने वाली ट्रेन में सवार हो गए। पुलिस को संदेह है कि इसके बाद वे गुजरात चले गए, ताकि गिरफ्तारी से बच सकें। मुंबई क्राइम ब्रांच की तीन से चार टीमें आरोपियों को पकड़ने के लिए अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर रही हैं।

एकनाथ शिंदे ने टाइगर श्रॉफ से की मुलाकात

घटना के बाद महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे रविवार रात टाइगर श्रॉफ के घर पहुंचे। उन्होंने बताया कि बारूद और कांच के टुकड़ों से टाइगर के बाएं हाथ में चोट आई है। शिंदे के मुताबिक, इस घटना से टाइगर और उनकी मां आयशा श्रॉफ काफी घबरा गए थे।

उपमुख्यमंत्री ने परिवार को राज्य सरकार की ओर से हरसंभव मदद का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और सार्वजनिक हस्तियों को धमकाने की घटनाओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज

फायरिंग की घटना के मामले में तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई है। आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1) और 3(5), साथ ही आर्म्स एक्ट की धारा 3 और 25 के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपियों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए कई टीमें जुटी हुई हैं।