Breaking News

अमित शाह मानहानि मामले में सुल्तानपुर कोर्ट ने राहुल गांधी को बरी किया     |   खड़गे के विवादित बयान पर भड़के बीजेपी कार्यकर्ता, पटना में बड़ा प्रोटेस्ट     |   राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां आपस में टकराईं, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा     |   UP: बस्ती में बाइक पर पलटा तेज रफ्तार से आ रहा ट्रक, तीन की मौत     |   आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा की ओर बढ़ रहा चक्रवाती तूफान, ऑरेंज अलर्ट जारी     |  

'Sanam Teri Kasam' के प्रोड्यूसर ने फिल्म की 10वीं एनिवर्सरी पर रीबूट की पुष्टि की

Sanam Teri Kasam: हर्षवर्धन राणे और मावरा होकेन स्टारर रोमांटिक फिल्म सनम तेरी कसम ने रिलीज़ के 10 साल पूरे कर लिए हैं। इस खास मौके पर फिल्म के निर्माता दीपक मुकुट ने एक भावुक नोट साझा करते हुए फिल्म के रीबूट की आधिकारिक पुष्टि की है।

दीपक मुकुट ने अपने पोस्ट में लिखा कि उन्हें बचपन से ही फिल्ममेकिंग का शौक रहा है और एक निर्माता के रूप में उनकी भूमिका सिर्फ फिल्म बनाना नहीं, बल्कि उसे सही दिशा में आगे बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि अपनी पहली फिल्म के तौर पर वह एक ऐसी रोमांटिक कहानी बनाना चाहते थे, जिसमें गहराई से भरा भावनात्मक पक्ष हो—और सनम तेरी कसम के साथ उनका यह सपना पूरा हुआ।

उन्होंने बताया कि यह फिल्म उनके प्रोडक्शन हाउस सोहम रॉकस्टार एंटरटेनमेंट के तहत बनी पहली फिल्म थी। भले ही 2016 में रिलीज़ के समय फिल्म बॉक्स ऑफिस पर खास कमाल नहीं दिखा पाई, लेकिन उन्हें हमेशा इस फिल्म पर भरोसा रहा। यह भरोसा तब सच साबित हुआ जब फिल्म ने री-रिलीज़ के दौरान इतिहास रच दिया और हिंदी सिनेमा की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली री-रिलीज़ फिल्मों में शामिल हो गई।

दीपक मुकुट ने अपने परिवार और दोस्तों के साथ-साथ फिल्म के सह-निर्देशक राधिका राव और विनय सप्रू, मुख्य कलाकार हर्षवर्धन राणे और मावरा होकेन, तथा संगीतकार हिमेश रेशमिया का भी आभार जताया। उन्होंने लिखा कि दर्शकों से मिला प्यार ही वह सबसे बड़ी उपलब्धि है, जिसकी उन्हें हमेशा चाह थी।

अपने पोस्ट के अंत में उन्होंने इशारा किया कि सनम तेरी कसम की कहानी यहीं खत्म नहीं होती और दर्शकों के लिए इसका रीबूट जल्द आने वाला है।

गौरतलब है कि सनम तेरी कसम साल 2016 में रिलीज़ हुई थी और शुरुआती असफलता के बावजूद 2025 में री-रिलीज़ के बाद यह फिल्म जबरदस्त सफलता हासिल करने में कामयाब रही।