धर्मा प्रोडक्शंस ने भारत की बाहरी खुफिया एजेंसी रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (R&AW) के संस्थापक और पहले प्रमुख रहे रामेश्वर नाथ काव (RN Kao) पर फीचर फिल्म बनाने का ऐलान किया है। करण जौहर ने 21 सितंबर को R&AW की स्थापना की 58वीं वर्षगांठ के मौके पर इस फिल्म की घोषणा की। फिल्म 11 अगस्त 2028 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
यह फिल्म पत्रकार और लेखक नितिन गोखले की किताब 'Gentleman Spymaster' पर आधारित होगी। कहानी में आरएन काव की भूमिका, R&AW की स्थापना और एजेंसी के पहले मिशन को दिखाया जाएगा। फिल्म की कहानी 1955 से 1971 के बीच की घटनाओं पर केंद्रित होगी और पाकिस्तान के खिलाफ 1971 के युद्ध तक पहुंचेगी। फिल्म में काव को भारत की बाहरी खुफिया व्यवस्था तैयार करने वाले प्रमुख रणनीतिकार के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।
करण जौहर ने फिल्म की घोषणा करते हुए लिखा, "उन्होंने उस चीज का निर्माण किया, जो दिखाई नहीं देती थी, लेकिन इतिहास उनके प्रभाव को याद रखता है।" उन्होंने कहा कि यह फिल्म आरएन काव की कहानी और R&AW के पहले मिशन को बड़े पर्दे पर पेश करेगी। यह फिल्म धर्मा प्रोडक्शंस और लियो मीडिया कलेक्टिव के सहयोग से बनाई जा रही है। प्रोजेक्ट से आदर पूनावाला, अपूर्व मेहता और अमृतपाल सिंह बिंद्रा जुड़े हैं।
फिल्म अभी विकास के चरण में है। करण जौहर के अनुसार, लियो मीडिया कलेक्टिव पिछले दो वर्षों से इस कहानी पर शोध और इसके नाट्य रूपांतरण पर काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि टीम सच्ची घटनाओं पर आधारित एक रोमांचक कहानी तैयार करना चाहती है, जो R&AW को श्रद्धांजलि दे और उसके महत्वपूर्ण वर्ष को एक प्रभावशाली फिल्म के जरिए यादगार बनाए।
2026 के मध्य तक शुरू हो सकती है शूटिंग
फिल्म में R&AW के गठन की परिस्थितियों, 1968 में एजेंसी की स्थापना और उसके पहले मिशन को दिखाया जाएगा। यह एक बड़े स्तर की जासूसी और एक्शन फिल्म के रूप में तैयार की जा रही है। फिल्म के निर्देशक, कलाकारों और अन्य विवरणों की घोषणा अभी नहीं की गई है। साझा की गई जानकारी के अनुसार, फिल्म की शूटिंग 2026 के मध्य तक शुरू होने की योजना है। धर्मा प्रोडक्शंस और लियो मीडिया कलेक्टिव इससे पहले 'बैड न्यूज' (2024) और 'केसरी: चैप्टर 2' (2025) में साथ काम कर चुके हैं।