Breaking News

जम्मू-कश्मीर की विधानसभा में धक्का-मुक्की     |   एशियन गेम्स में भारत को चौथा मेडल, मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स में सुचिका को ब्रॉन्ज     |   केरल: भारी बारिश के चलते छह जिलों में रेड अलर्ट जारी     |   बंगाल रेजीनगर उपचुनाव: हुमायूं कबीर का ऐलान, नहीं करेंगे चुनाव प्रचार     |   केरल: आज पठानमथिट्टा, कोट्टायम, अलपुझा, एर्नाकुलम, इडुक्की और त्रिशूर में बारिश का येलो अलर्ट     |  

नशा मुक्त पंजाब यात्रा में शामिल हुए CM नायब सिंह सैनी, बोले- पंजाब के युवाओं को नशे से मुक्ति, रोजगार और सम्मान चाहिए

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी नशा मुक्त पंजाब यात्रा के तहत अरनीवाला पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पंजाब को नशे से मुक्त कराने और युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने की बात कही। उन्होंने कहा कि यह यात्रा गुरुओं की धरती से शुरू होने वाली पंजाब को बचाने की जन यात्रा है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार से सीधा सवाल है कि चार साल बाद भी नशा गांव-गांव तक कैसे पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब के नौजवानों को केवल नारे नहीं, बल्कि नशे से मुक्ति, बेहतर इलाज, रोजगार और सम्मान चाहिए।

उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री से नशे जैसे संवेदनशील मुद्दे पर राजनीति नहीं करने की अपील की। सैनी ने कहा कि उनकी लड़ाई नशा पीड़ितों से नहीं, बल्कि नशे के सौदागरों से है। किसी को भी नशे को बढ़ावा देने का अधिकार नहीं है। सीएम सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार ने बिना पर्ची और बिना खर्ची के सरकारी नौकरी देने का काम किया है। वहीं, पंजाब में सरकारी नौकरियों के मामले में कई खामियां दिखाई दे रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में विधायकों और राजनीतिक लोगों के रिश्तेदारों को सरकारी नौकरियां दी गईं। मुख्यमंत्री ने पंजाब सरकार से सरकारी नौकरियों को लेकर श्वेतपत्र जारी करने की मांग की।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा में विधानसभा चुनाव के दौरान उनकी सरकार ने 217 वादे किए थे, जिनमें से 70 संकल्प पहले ही साल पूरे कर दिए गए। उन्होंने बताया कि लाड़ो लक्ष्मी योजना के तहत हरियाणा की महिलाओं और बेटियों को हर महीने 2,100 रुपये देने की शुरुआत की गई है। हरियाणा में सभी फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर की जा रही है। बुजुर्गों को हर महीने 3,200 रुपये पेंशन दी जा रही है।

किसानों को फसल खरीद के 72 घंटे के भीतर भुगतान किया जाता है। हर महीने नशे के खिलाफ अभियान आयोजित किए जाते हैं। सैनी ने कहा कि हरियाणा में ‘नशा मुक्त हरियाणा अभियान’ को गांव-गांव और गली-गली तक पहुंचाया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार ने बुजुर्गों को 2,500 रुपये वृद्धावस्था पेंशन देने का वादा किया था, लेकिन इसे पूरा नहीं किया गया। उन्होंने दावा किया कि पंजाब सरकार ने अपने एक भी वादे को पूरा नहीं किया है। उन्होंने कहा कि पंजाब में इस बार परिवर्तन होने जा रहा है और जनता नशे के खिलाफ निर्णायक कदम चाहती है। सीएम सैनी ने बताया कि हरियाणा में अब तक करीब 40 लाख लाभार्थियों ने आयुष्मान भारत योजना के तहत लगभग 4,500 करोड़ रुपये का लाभ लिया है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं, रोजगार और सम्मान उपलब्ध कराना है।