Breaking News

ग्रेटर नोएडा में खुलेगा दिल्ली-NCR का पहला लुलु हाइपरमार्केट, आज दोपहर होगा उद्घाटन     |   दिल्ली के JLN स्टेडियम में आज होगा वर्ल्ड एथलेटिक्स गोल्ड लेबल इवेंट     |   मेक्सिको के प्रशांत तट पर तूफान ट्रूडी का खतरा, कई इलाकों में हरीकेन वॉर्निंग जारी     |   अशोक सिद्धार्थ की वापसी पर मायावती का जवाब- किसी भी कीमत पर पार्टी में नहीं लेंगे     |   ग्वालियर: ट्रक हादसे में अब तक 14 लोगों की मौत, कई की हालत नाजुक     |  

‘जेलर 2’ का बॉक्स ऑफिस पर धमाका, 3 दिन में दुनियाभर में कमाए 320 करोड़ रुपये से ज्यादा

साउथ सुपरस्टार रजनीकांत की फिल्म ‘जेलर 2’ बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। रिलीज के महज तीन दिनों में फिल्म ने दुनियाभर में 320 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर ली है। फिल्म गुरुवार को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और इसे दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है।

फिल्मों की कमाई पर नजर रखने वाली वेबसाइट सैकनिल्क के मुताबिक, ‘जेलर 2’ ने पहले दिन 125.25 करोड़ रुपये और दूसरे दिन 85.4 करोड़ रुपये की कमाई की। तीसरे दिन फिल्म का कलेक्शन 110 करोड़ रुपये से ज्यादा रहा। घरेलू बॉक्स ऑफिस पर फिल्म की कुल कमाई 169 करोड़ रुपये बताई गई है।

नेल्सन दिलीपकुमार ने किया निर्देशन

‘जेलर 2’ का निर्देशन नेल्सन दिलीपकुमार ने किया है। उन्होंने ही साल 2023 में रिलीज हुई फिल्म ‘जेलर’ का निर्देशन किया था। फिल्म का निर्माण कलानिधि मारन ने सन पिक्चर्स के बैनर तले किया है। इसका संगीत अनिरुद्ध रविचंदर ने तैयार किया है।

क्या है ‘जेलर 2’ की कहानी?

फिल्म की कहानी रजनीकांत के किरदार मुथुवेल पांडियन के इर्द-गिर्द घूमती है। पांडियन एक सेवानिवृत्त जेलर है, जो नौकरी छोड़ने के बाद अपने परिवार के साथ शांतिपूर्ण जीवन बिताता है।

हालांकि, उसकी जिंदगी में उस समय बड़ा मोड़ आता है, जब मूर्ति तस्करी गिरोह की जांच कर रहा उसका ईमानदार पुलिस अधिकारी बेटा लापता हो जाता है और उसे मृत मान लिया जाता है। इसके बाद कहानी में कई मोड़ आते हैं।

फिल्म में नजर आए कई बड़े सितारे

‘जेलर 2’ में रजनीकांत के साथ विद्या बालन, एस. जे. सूर्या, राम्या कृष्णन और सूरज वेंजारामूडु भी अहम भूमिकाओं में हैं। इसके अलावा मोहनलाल, शिव राजकुमार और ऋतिक रोशन समेत कई कलाकार विशेष भूमिकाओं में नजर आते हैं।

फिल्म की शुरुआती कमाई ने इसे बॉक्स ऑफिस पर मजबूत शुरुआत दिलाई है। अब दर्शकों की नजर इस बात पर है कि आने वाले दिनों में फिल्म कमाई के नए रिकॉर्ड बना पाती है या नहीं।