Breaking News

अमित शाह मानहानि मामले में सुल्तानपुर कोर्ट ने राहुल गांधी को बरी किया     |   खड़गे के विवादित बयान पर भड़के बीजेपी कार्यकर्ता, पटना में बड़ा प्रोटेस्ट     |   राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां आपस में टकराईं, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा     |   UP: बस्ती में बाइक पर पलटा तेज रफ्तार से आ रहा ट्रक, तीन की मौत     |   आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा की ओर बढ़ रहा चक्रवाती तूफान, ऑरेंज अलर्ट जारी     |  

'डॉन 3' की अफवाहों पर ऋतिक रोशन ने तोड़ी चुप्पी, बोले- इस फिल्म के लिए मुझे संपर्क नहीं किया गया

Don 3: अभिनेता ऋतिक रोशन ने शुक्रवार को फरहान अख्तर की फिल्म "डॉन 3" से जुड़ने की अफवाहों को खारिज करते हुए कहा कि उनसे कभी संपर्क नहीं किया गया। अभिनेता रणवीर सिंह को इस फ्रेंचाइज़ के तीसरे भाग में मुख्य भूमिका निभाने के लिए चुना गया था, लेकिन खबरों के मुताबिक फिल्म की शूटिंग में देरी के कारण उन्होंने प्रोजेक्ट छोड़ दिया है।

उनके बाहर निकलने के बाद, कई मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि ऋतिक रोशन फिल्म में रणवीर सिंह की जगह लेने के लिए बातचीत कर रहे थे। ऋतिक रोशन ने एक बयान में कहा, "जो बात सिर्फ एक अफवाह के रूप में शुरू हुई थी, अब वो बहुत फैल चुकी है। सच्चाई बताना जरूरी है।"

उन्होंने कहा, “मैं स्पष्ट रूप से कहना चाहता हूं कि मुझे कभी भी ‘डॉन 3’ के लिए संपर्क नहीं किया गया। मैं मीडिया से अनुरोध करता हूं कि वो ऐसी किसी भी अफवाह से दूर रहें।” “डॉन” फ्रैंचाइजी की शुरुआत 1978 में आई इसी नाम की हिंदी फिल्म के आधुनिक रूपांतरण के रूप में हुई थी, जिसमें अमिताभ बच्चन ने डबल रोल किया था।

2006 में आई “डॉन”को अख्तर ने लिखा और निर्देशित किया था। इस फिल्म में शाहरुख खान ने एक शातिर अंडरवर्ल्ड बॉस की भूमिका निभाई थी, जबकि प्रियंका चोपड़ा ने रोमा का किरदार निभाया था। इसकी सफलता के कारण 2011 में इसका सीक्वल “डॉन 2” आया, जो उतना ही लोकप्रिय हुआ।

तब से अख्तर तीसरे भाग को बनाने की कोशिश कर रहे हैं। 2023 में ये घोषणा की गई कि रणवीर सिंह, शाहरुख खान की जगह फिल्म में नजर आएंगे।