Breaking News

अमित शाह मानहानि मामले में सुल्तानपुर कोर्ट ने राहुल गांधी को बरी किया     |   खड़गे के विवादित बयान पर भड़के बीजेपी कार्यकर्ता, पटना में बड़ा प्रोटेस्ट     |   राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां आपस में टकराईं, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा     |   UP: बस्ती में बाइक पर पलटा तेज रफ्तार से आ रहा ट्रक, तीन की मौत     |   आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा की ओर बढ़ रहा चक्रवाती तूफान, ऑरेंज अलर्ट जारी     |  

घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 'बॉर्डर 2' की दहाड़, पांच दिन में 200 करोड़ का आंकड़ा किया पार

Border 2 Collection: सनी देओल अभिनीत फिल्म "बॉर्डर 2" ने पांचवें दिन 23.31 करोड़ रुपये की कमाई की, जिससे इसका कुल घरेलू बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 200 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया। फिल्म निर्माताओं ने बुधवार को ये जानकारी दी।

"बॉर्डर 2" सनी देओल की साल 1997 में आई ब्लॉकबस्टर फिल्म "बॉर्डर" का सीक्वल है। ये फिल्म 23 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। अनुराग सिंह द्वारा निर्देशित और टी-सीरीज और जेपी फिल्म्स द्वारा निर्मित इस फिल्म में वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी भी मुख्य भूमिका में हैं।

प्रेस रिलीज में फिल्म निर्माताओं ने बताया कि फिल्म ने अब तक बॉक्स ऑफिस पर 216.79 करोड़ रुपये की कमाई की है। ‘बॉर्डर 2’ ने एक नया मुकाम हासिल कर लिया है, रिलीज के महज पांच दिनों में ही इसने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 200 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है।

प्रेस रिलीज में लिखा था- “लंबे वीकेंड के बाद भी फिल्म ने पहले कामकाजी दिन शानदार प्रदर्शन किया और पांचवें दिन 23.31 करोड़ रुपये का शुद्ध बॉक्स ऑफिस कलेक्शन (एनबीओसी) जोड़कर कुल कलेक्शन को 216.79 करोड़ रुपये तक पहुंचा दिया।”

फिल्म निर्माताओं के अनुसार, "बॉर्डर 2" ने पहले दिन 32.10 करोड़ रुपये, दूसरे दिन 40.59 करोड़ रुपये, तीसरे दिन 57.20 करोड़ रुपये और चौथे दिन 63.59 करोड़ रुपये कमाए। एक तरफ जहां 1997 में आई फिल्म 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान हुए लोंगेवाला युद्ध की घटनाओं पर आधारित थी, वहीं "बॉर्डर 2" भी इसी संघर्ष की पृष्ठभूमि पर आधारित है।

खबरों के मुताबिक, फिल्म को छह खाड़ी देशों - बहरीन, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में रिलीज नहीं मिली, क्योंकि इसमें कथित तौर पर पाकिस्तान विरोधी संदेश है। फिल्म निर्माताओं की प्रतिक्रिया का इंतजार है।

निर्देशक आदित्य धर की जासूसी एक्शन फिल्म "धुरंधर" के बाद, हाल के दिनों में खाड़ी देशों के सिनेमाघरों में रिलीज की अनुमति न मिलने वाली ये दूसरी भारतीय फिल्म है। "बॉर्डर 2" का निर्माण भूषण कुमार, कृष्ण कुमार, दत्ता और निधि दत्ता ने किया है। इसमें मोना सिंह, सोनम बाजवा, अन्या सिंह और मेधा राणा भी अहम किरदार में हैं।