Breaking News

नेपाल में 4,250 लोग अब भी लापता, छठे दिन भी तलाश जारी     |   सिंगर अंकित बालियान मर्डर केस: शामली में पीड़ित परिवार से मिले जयंत चौधरी     |   UP: सीएम योगी ने हापुड़ हादसे का संज्ञान लिया, घायलों के तुरंत इलाज के निर्देश दिए     |   जोमैटो ने एनालॉग डिशेज की बिक्री पर ज़ीरो-टॉलरेंस पॉलिसी की घोषणा की     |   अमेरिका ने होर्मुज में माइन थ्रेट के बीच ईरान के लारक द्वीप पर हमला किया     |  

बादशाह ने रिलीज किया अपना पहला मराठी गाना ‘चिमणा’, महाराष्ट्र को बताया ‘लव लेटर’

मशहूर रैपर बादशाह ने सोमवार को अपना पहला मराठी गाना ‘चिमणा’ रिलीज किया। इस गाने में उनके साथ सिंगर दिव्या कुमार और मशहूर मराठी लोक कलाकार नागेश मोरवेकर भी नजर आए हैं। गाने की शुरुआत एक पारंपरिक ग्रामीण धुन से होती है- ‘एक चिमणा चिव चिवला, माझा साजन जागा झाला हो, सूर्य उगवला’। इसके बाद बादशाह अपने हिप-हॉप अंदाज में तेज रैप के साथ गाने को आगे बढ़ाते हैं।

गाने में महाराष्ट्र की स्थानीय संस्कृति और बोलचाल का रंग भी देखने को मिलता है। बादशाह ने अपने रैप में मराठी अंदाज के साथ डांस और मस्ती को भी शामिल किया है। ‘चिमणा’ को लेकर बादशाह ने कहा कि भारत का क्षेत्रीय संगीत बहुत खास है और वह देश के अलग-अलग हिस्सों की संगीत परंपराओं को सेलिब्रेट करना चाहते हैं।

उन्होंने कहा, “‘चिमणा’ महाराष्ट्र की समृद्ध कला और संस्कृति के लिए मेरा प्यार है। मैं इस प्रोजेक्ट के नतीजे से बहुत खुश हूं। यह गाना मेरे उन सभी महाराष्ट्रीयन फैंस के लिए है, जो शुरुआत से मेरा साथ देते आए हैं।” ‘चिमणा’ 31 अगस्त 2026 से सभी प्रमुख म्यूजिक स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है। इस गाने का म्यूजिक वीडियो कोल्हापुर में शूट किया गया है, जिसमें महाराष्ट्र की स्थानीय संस्कृति और वहां की खूबसूरती को दिखाया गया है।