Breaking News

दिल्ली: नरेला में तेज रफ्तार कार ने एक महिला समेत कई वाहनों को मारी टक्कर, चालक हिरासत में     |   IIT दिल्ली के दीक्षांत समारोह में शामिल हुए PM मोदी, छात्रों को किया सम्मानित     |   खराब मौसम के चलते जम्मू से अमरनाथ यात्रा स्थगित, श्रद्धालुओं की संख्या में भी कमी     |   हिमाचल के चंबा में बड़ा हादसा, बस के खाई में गिरने से 7 की मौत और कई घायल     |   सलमान खान के घर के बाहर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी की अचानक तबीयत बिगड़ने से हुई मौत     |  

अमित शाह से मिले अनुपम खेर, संस्कृति और सिनेमा समेत कई मुद्दों पर हुई लंबी बातचीत

बॉलीवुड अभिनेता अनुपम खेर ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। इस दौरान दोनों के बीच संस्कृति, सिनेमा, समाज और जीवन से जुड़े कई विषयों पर लंबी और खास बातचीत हुई। अनुपम खेर ने मुलाकात की तस्वीरें अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर की हैं। अनुपम खेर ने पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि उन्हें भारत के गृह मंत्री अमित शाह से उनके आवास पर मिलने का अवसर मिला। उन्होंने अमित शाह के स्नेह, गर्मजोशी से स्वागत और अपनापन देने के लिए उनका आभार जताया।

अभिनेता ने लिखा कि दोनों के बीच देश, समाज, संस्कृति, सिनेमा और जीवन समेत कई मुद्दों पर बेहद सार्थक बातचीत हुई। उन्होंने अमित शाह की विषयों पर गहरी पकड़, शानदार याददाश्त और विचारों की स्पष्टता की भी तारीफ की। अनुपम खेर ने आगे लिखा कि ऐसे व्यक्तित्व से हर मुलाकात कुछ नया सीखने और नए तरीके से सोचने का मौका देती है। उन्होंने अमित शाह के समय और स्नेह के लिए भी उनका धन्यवाद किया।

अभिनेता ने पोस्ट में भगवान हनुमान की उस मूर्ति का भी जिक्र किया, जो मुलाकात के दौरान उनके बैठने की जगह के ठीक सामने रखी थी। उन्होंने कहा कि यह पल हमेशा उनकी यादों में बना रहेगा। शेयर की गई तस्वीरों में अनुपम खेर अमित शाह के साथ बातचीत करते नजर आ रहे हैं। एक अन्य तस्वीर में वह केंद्रीय गृह मंत्री को सम्मानित करते हुए दिखाई दे रहे हैं।

वर्कफ्रंट की बात करें तो अनुपम खेर ने हाल ही में अपनी अपकमिंग फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' की शूटिंग पूरी होने की जानकारी दी थी। फिल्म का निर्देशन सूरज बड़जात्या ने किया है। राजश्री प्रोडक्शंस और महावीर जैन फिल्म्स के सहयोग से बन रही इस फिल्म में आयुष्मान खुराना और शरवरी लीड रोल में नजर आएंगे। फिल्म दिवाली के बाद सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

इसके अलावा अनुपम खेर की चर्चित फिल्म 'खोसला का घोसला' का सीक्वल भी लाइन में है। कॉमेडी फिल्म का सीक्वल 28 अगस्त को रक्षाबंधन वीकेंड के दौरान सिनेमाघरों में रिलीज होने वाला है। फिल्म के सीक्वल में रणवीर शौरी, किरण जुनेजा और परवीन डबास एक बार फिर नजर आएंगे। ये सभी कलाकार पहली फिल्म में खोसला परिवार के सदस्यों की भूमिका में दिखाई दिए थे। वहीं, 2006 में रिलीज हुई पहली फिल्म का हिस्सा रहीं तारा शर्मा भी इस बार सीक्वल की स्टारकास्ट में शामिल हैं।