उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने गठबंधन की तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत का पहला दौर सोमवार से नई दिल्ली में शुरू होने जा रहा है। यह बैठक कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी के आवास पर आयोजित होगी, जिसमें दोनों पार्टियों के वरिष्ठ नेता अगले दो दिनों तक चुनावी रणनीति और सीटों के तालमेल पर चर्चा करेंगे।
23 और 24 नवंबर को होने वाली इस बैठक में समाजवादी पार्टी की ओर से राष्ट्रीय महासचिव राम गोपाल यादव, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, सांसद इकरा हसन और राजीव राय शामिल होंगे। सूत्रों के मुताबिक, आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर दोनों दलों के बीच यह पहली औपचारिक बातचीत है। चर्चा का मुख्य एजेंडा उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों पर गठबंधन के तहत चुनाव लड़ने और सीटों के बंटवारे की संभावनाओं को तलाशना होगा।
दरअसल, सपा ने हाल ही में INDIA गठबंधन के सहयोगी दलों के साथ चुनावी तालमेल तय करने के लिए एक विशेष समिति का गठन किया है। पार्टी ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस जिम्मेदारी के लिए राम गोपाल यादव, श्याम लाल पाल, राजीव राय और इकरा चौधरी को नामित किया है।
इस पहल पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने समिति के गठन को गठबंधन की दिशा में अच्छी शुरुआत बताते हुए कहा कि कांग्रेस लगातार INDIA गठबंधन को मजबूत करने का प्रयास कर रही है। पार्टी 2027 के चुनाव में भी गठबंधन के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए तैयार है। रविवार को लखनऊ में एएनआई से बातचीत के दौरान उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनाव में दोनों दलों के साझा प्रयासों का भी उल्लेख किया।
वहीं, सपा प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने दावा किया है कि 2027 में INDIA गठबंधन उत्तर प्रदेश में सरकार बनाएगा। उनके मुताबिक, गठबंधन का उद्देश्य केवल चुनाव लड़ना नहीं, बल्कि संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था की रक्षा करना भी है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में होने वाली बैठक के बाद आगे की रणनीति को लेकर तस्वीर साफ होगी।
श्याम लाल पाल ने असदुद्दीन ओवैसी की एआईएमआईएम और चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के बीच बने सामाजिक परिवर्तन मोर्चा के राजनीतिक प्रभाव को भी ज्यादा अहमियत नहीं दी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में ओवैसी का कोई खास जनाधार नहीं है और संविधान तथा लोकतंत्र की रक्षा के मुद्दे पर काम करने वाले दलों को ही जनता का समर्थन मिलेगा।
कांग्रेस भी 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी तैयारियों में जुटी है। पार्टी का लक्ष्य प्रदेश में सरकार बनाने के साथ संगठनात्मक आधार को मजबूत करना है। आराधना मिश्रा पहले ही स्पष्ट कर चुकी हैं कि बूथ और संगठन स्तर पर पार्टी की मजबूती उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। कांग्रेस को उम्मीद है कि INDIA गठबंधन के सहयोग से आगामी चुनाव में बेहतर प्रदर्शन किया जा सकेगा।
2022 में अलग-अलग चुनाव लड़कर सपा और कांग्रेस को मिली थी हार
2027 का विधानसभा चुनाव समाजवादी पार्टी के लिए राजनीतिक वापसी का महत्वपूर्ण मौका होगा। पिछले दो विधानसभा चुनावों यानी 2017 और 2022 में पार्टी को सत्ता हासिल करने में सफलता नहीं मिली थी। 2022 के चुनाव में सपा ने 347 सीटों पर प्रत्याशी उतारे थे और 111 सीटों पर जीत दर्ज की थी। दूसरी ओर, कांग्रेस ने 399 सीटों पर चुनाव लड़ा था, लेकिन उसके खाते में केवल दो सीटें आई थीं।
2024 के लोकसभा चुनाव में गठबंधन ने दिखाया बेहतर प्रदर्शन
2024 के लोकसभा चुनाव में सपा और कांग्रेस ने INDIA गठबंधन के तहत मिलकर चुनाव लड़ा था। इस चुनाव में दोनों दलों के प्रदर्शन में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला। समाजवादी पार्टी ने 62 सीटों पर चुनाव लड़कर 37 सीटें जीतीं, जबकि कांग्रेस ने 17 सीटों में से छह पर जीत हासिल की।
उत्तर प्रदेश विधानसभा में कुल 403 सीटें हैं। ऐसे में 2027 का चुनाव राज्य की राजनीति के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। बीजेपी और सपा के बीच संभावित कड़े मुकाबले के बीच कांग्रेस भी गठबंधन के जरिए अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करने और सत्ता की दौड़ में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की तैयारी कर रही है।