New Delhi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को लोगों को अवैध घुसपैठ के जरिए देश की जनसांख्यिकी बदलने की एक पूर्व-नियोजित साजिश के प्रति आगाह किया और कहा कि कोई भी देश घुसपैठियों को बर्दाश्त नहीं कर सकता। उन्होंने इस समस्या से निपटने के लिए एक उच्चस्तरीय जनसांख्यिकी मिशन का ऐलान किया।
भारत के 79वें स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले की प्राचीर से राष्ट्र के नाम अपने संबोधन में, मोदी ने कहा कि देश के पूर्वजों ने भारतीयों को आजादी दिलाने के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया है और ये देश के नागरिकों का कर्तव्य है कि वे ऐसी गतिविधियों को स्वीकार न करें।
मोदी ने कहा, "आज मैं देश को एक चिंता, एक चुनौती के प्रति आगाह करना चाहता हूं। एक सोची-समझी साजिश के तहत देश की जनसांख्यिकी को बदला जा रहा है। एक नए संकट के बीज बोए जा रहे हैं। ये घुसपैठिए मेरे देश के नौजवानों की रोजी-रोटी छीन रहे हैं, ये घुसपैठिए मेरे देश की बहनों-बेटियों को निशाना बना रहे हैं, ये बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ये घुसपैठिए भोले-भाले आदिवासियों को गुमराह कर उनकी जमीन हड़प रहे हैं। ये देश इसे बर्दाश्त नहीं करेगा।"
प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने इस संकट से निपटने के लिए एक उच्चस्तरीय जनसांख्यिकी मिशन शुरू करने का फैसला किया है। पीएम ने कहा, "आज लाल किले की प्राचीर से, मैं कहना चाहता हूं कि हमने एक उच्चस्तरीय जनसांख्यिकी मिशन शुरू करने का फैसला किया है। ये मिशन निश्चित रूप से भारत पर मंडरा रहे इस गंभीर संकट से निपटने के लिए निर्धारित समय-सीमा में सुविचारित तरीके से अपना काम करेगा और हम इस दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।"
मोदी ने चेतावनी दी कि जब जनसांख्यिकी परिवर्तन होते हैं, खासकर सीमावर्ती क्षेत्रों में, तो वे राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए संकट पैदा करते हैं। मोदी ने जोर देकर कहा, "ये हमारी एकता, अखंडता और प्रगति के लिए भी संकट पैदा करता है। ये सामाजिक तनाव के बीज बोता है। दुनिया का कोई भी देश अपने देश को 'घुसपैठियों' के हवाले नहीं कर सकता, तो हम भारत को उनके हवाले कैसे कर सकते हैं।"