Breaking News

देहरादून-मसूरी मार्ग पर दरारें आने के चलते अगले आदेश तक वाहनों की आवाजाही बंद     |   CJP प्रोटेस्ट: घायल पुलिसकर्मियों, गाड़ियों में तोड़फोड़ मामले में दिल्ली पुलिस केस दर्ज करेगी     |   जम्मू-कश्मीर के पुंछ में भूस्खलन और फ्लैश बाढ़ से 7 लोगों की मौत     |   राम मंदिर चढ़ावा चोरी केस: SC ने SIT के पुर्नगठन के लिए कहा, अब IPS अफसर करे अगुवाई     |   ‘ये लोग सत्ता में रहने लायक नहीं’, पेपर लीक-चढ़ावा चोरी पर खड़गे का BJP पर हमला     |  

NDA में शामिल होने की अटकलों पर सुप्रिया सुले ने लगाया विराम, बोलीं- हम जहां हैं, वहीं खुश हैं

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार गुट) की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले ने शनिवार को एनडीए में शामिल होने या एनसीपी के दोनों गुटों के विलय की अटकलों को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी पार्टी ने उनके दल को साथ आने का कोई प्रस्ताव नहीं दिया है। मुंबई में सुप्रिया सुले ने कहा, "शरद पवार साहब, मैं, जयंत पाटिल, अनिल देशमुख, राजेश टोपे या किसी भी वरिष्ठ नेता को किसी पार्टी की ओर से कोई प्रस्ताव नहीं मिला है। न भाजपा, न कांग्रेस और न ही एनडीए के किसी सहयोगी दल ने हमसे संपर्क किया है।"

सुप्रिया सुले ने कहा, "हमारे सभी आठ सांसद लगातार एक-दूसरे के संपर्क में हैं और शरद पवार साहब से नियमित चर्चा करते हैं। किसी भी सांसद या विधायक ने कभी अलग रास्ता अपनाने की इच्छा नहीं जताई। हम जहां हैं, वहीं खुश हैं।" हाल के दिनों में यह चर्चा तेज हो गई थी कि शरद पवार गुट एनडीए के साथ जा सकता है। इसकी वजह मुंबई में देर रात हुई बैठकें थीं, जिनमें जयंत पाटिल, प्रफुल्ल पटेल, सुनील तटकरे और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस शामिल हुए थे। हालांकि, एनसीपी (शरद पवार गुट) ने स्पष्ट किया कि ये बैठकें प्रशासनिक मामलों को लेकर थीं, न कि किसी राजनीतिक गठबंधन या विलय के लिए।

एनसीपी (शरद पवार गुट) के प्रमुख शरद पवार ने भी पार्टी में टूट या एनडीए में जाने की अटकलों पर टिप्पणी करने से बचते हुए कहा, "अभी यह चर्चा का विषय नहीं है।" इस बीच, महाराष्ट्र कांग्रेस के विधायक नाना पटोले ने कहा कि उन्होंने खुद जयंत पाटिल से बात की है। उनके मुताबिक, जयंत पाटिल ने साफ कहा है कि एनसीपी (शरद पवार गुट) INDIA गठबंधन नहीं छोड़ेगा। पटोले ने कहा कि एनसीपी के दोनों गुटों का विलय उनका आंतरिक मामला है और कांग्रेस को इस पर चिंता करने की जरूरत नहीं है।