Breaking News

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के एक संदिग्ध को कोटा से हिरासत में लिया गया     |   हैदराबाद के पास सड़क हादसा, खड़ी लॉरी से टकराई RTC बस, 15 घायल     |   कनाडाई सैन्य अड्डे पर घास में लगी आग, 4 लोगों की मौत     |   तेल अवीव-वियना फ्लाइट को मिली बम से उड़ाने की धमकी, बुल्गारिया में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग     |   भारत छोड़ने के नोटिस को इमरान खान ने दी चुनौती, बॉम्बे हाई कोर्ट में सुनवाई आज     |  

रेखा गुप्ता ने गोयला डेयरी में 16 करोड़ के बायोगैस प्लांट का किया उद्घाटन, यमुना प्रदूषण पर लगेगी रोक

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को नजफगढ़ स्थित गोयला डेयरी में 16 करोड़ रुपये की लागत से तैयार अत्याधुनिक बायोगैस संयंत्र का उद्घाटन किया। दिल्ली नगर निगम की ओर से स्थापित इस प्लांट में प्रतिदिन 200 मीट्रिक टन गोबर का वैज्ञानिक तरीके से प्रसंस्करण किया जाएगा। इससे स्वच्छ ईंधन का उत्पादन होगा और गोबर को नालियों के जरिए यमुना में जाने से रोकने में मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यमुना को स्वच्छ बनाने के लिए प्रदूषण के स्रोत पर रोक लगाना जरूरी है। केवल नदी की सफाई करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन कारणों को भी दूर करना होगा, जिनसे प्रदूषित पदार्थ नदी तक पहुंचते हैं। गोयला डेयरी का बायोगैस प्लांट इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे स्वच्छता बेहतर होने के साथ पर्यावरण संरक्षण और पशुपालकों की आय बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।

डेढ़ साल में शुरू हुए तीन बायोगैस प्लांट

vgvSFgvs

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली में लंबे समय तक डेयरी कॉलोनियों में नालियों, ड्रेनेज, पानी की आपूर्ति और गोबर के उचित निस्तारण जैसी बुनियादी सुविधाओं पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया। वर्तमान सरकार ने पिछले डेढ़ साल में तीन बायोगैस प्लांट शुरू किए हैं, जबकि छह अन्य संयंत्र स्थापित करने पर काम जारी है।

उन्होंने बताया कि नंगली सकरावती स्थित संयंत्र में एक साल के दौरान 55 हजार टन गोबर का इस्तेमाल किया गया है। इसके बदले किसानों को करीब साढ़े तीन करोड़ रुपये का भुगतान भी किया गया है। दिल्ली की डेयरी कॉलोनियों में नालियों के निर्माण और ड्रेनेज व्यवस्था सुधारने के लिए 50 करोड़ रुपये का फंड उपलब्ध कराया गया है।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'वेस्ट टू वेल्थ' के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि कचरे और अपशिष्ट को उपयोगी संसाधन में बदलना विकास और पर्यावरण संरक्षण दोनों के लिए जरूरी है। गोबर से स्वच्छ ईंधन और प्राकृतिक खाद तैयार करना संसाधनों के बेहतर इस्तेमाल का उदाहरण है।

रोजाना 5.6 टन कंप्रेस्ड बायोगैस का उत्पादन

vfavfv

गोयला डेयरी में स्थापित संयंत्र से प्रतिदिन करीब 14,000 घन मीटर कच्ची बायोगैस और लगभग 5.6 टन शुद्ध कंप्रेस्ड बायोगैस (सीबीजी) का उत्पादन होने का अनुमान है। तैयार गैस की आपूर्ति पाइपलाइन के माध्यम से इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड को की जाएगी।

गोबर के प्रसंस्करण के बाद बचने वाली स्लरी का इस्तेमाल प्राकृतिक खाद के रूप में किया जाएगा। इससे मिट्टी की उर्वरता बढ़ाने में मदद मिलेगी। इस तरह एक ओर गोबर के निस्तारण की समस्या कम होगी, वहीं दूसरी ओर स्वच्छ ऊर्जा और कृषि के लिए उपयोगी खाद भी मिलेगी।

पशुपालकों को मिलेगा आर्थिक लाभ

vSVFSV

इस परियोजना से स्थानीय पशुपालकों को भी फायदा होगा। संयंत्र के लिए एजेंसी डेयरी संचालकों से 67 पैसे प्रति किलोग्राम की दर से गोबर एकत्र करेगी। इससे पशुपालकों को गोबर के निस्तारण के लिए बेहतर व्यवस्था मिलेगी और उन्हें आर्थिक लाभ भी होगा।

मुख्यमंत्री ने डेयरी संचालकों और स्थानीय नागरिकों से अपील की कि वे गोबर को नालियों में बहाने के बजाय निर्धारित संग्रहण व्यवस्था को अपनाएं। उन्होंने अधिकारियों और संयंत्र संचालकों को नियमित गोबर संग्रहण, सुरक्षित प्रसंस्करण और प्लांट का सुचारु संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

ठोस काम और परिणामों पर जोर

VSDvsfV

कार्यक्रम में दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री आशीष सूद ने कहा कि पिछली सरकारों ने डेयरियों को पॉश कॉलोनियों से डेयरी फार्मों में स्थानांतरित तो किया, लेकिन गोबर के वैज्ञानिक निस्तारण और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए पर्याप्त काम नहीं किया।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में दिल्ली सरकार इन समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। नगर निगम की परियोजनाओं के लिए अतिरिक्त वित्तीय सहायता भी उपलब्ध कराई गई है।

आशीष सूद ने कहा कि दिल्ली अब बहानों और देरी के बजाय ठोस काम और परिणाम चाहती है। गोयला डेयरी का बायोगैस प्लांट केवल एक संयंत्र नहीं, बल्कि विकास और प्रशासनिक जवाबदेही की नई सोच का प्रतीक है। इस अवसर पर दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही, उपमहापौर डॉ. मोनिका पंत, विधायक संदीप सहरावत सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।