Breaking News

3 दिवसीय भारत दौरे पर पोलैंड के प्रधानमंत्री, आज पीएम मोदी से होगी मुलाकात     |   फ्रांस में जारी प्रदर्शनों के बीच भारतीय दूतावास ने नागरिकों के लिए जारी की एडवाइजरी     |   43 साल पुराने गैंगरेप केस में इलाहाबाद HC का फैसला, सबूतों के अभाव में 3 आरोपियों को किया बरी     |   मुंबई एयरपोर्ट पर करोड़ों की गोल्ड स्मगलिंग का पर्दाफाश, एयरपोर्ट कर्मचारी समेत 5 गिरफ्तार     |   सऊदी अरब के एयरपोर्ट पर हमला, एक की मौत और 8 घायल, कई फ्लाइट्स डायवर्ट     |  

दिल्ली में यमुना की सफाई के लिए ₹8,941 करोड़ की परियोजनाएं, हर घर को सीवर नेटवर्क से जोड़ने का लक्ष्य

दिल्ली में यमुना नदी को स्वच्छ और अविरल बनाने के लिए सरकार ने बड़े स्तर पर काम शुरू किया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को कहा कि यमुना की सफाई के लिए वैज्ञानिक रोडमैप तैयार किया गया है। इसके तहत करीब 8,941 करोड़ रुपये की जल और सीवरेज परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है। इन परियोजनाओं का उद्देश्य घरों को सीवर नेटवर्क से जोड़ना, नालों के गंदे पानी को सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) तक पहुंचाना और बिना ट्रीटमेंट के गंदे पानी को यमुना में गिरने से रोकना है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को दिल्ली जल बोर्ड (DJB) की कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि इन परियोजनाओं से दिल्ली की बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इनमें नई सीवर लाइन बिछाने, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट शुरू करने, नए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट बनाने और उन इलाकों को सीवर नेटवर्क से जोड़ने के काम शामिल हैं, जहां अभी तक सीवर की सुविधा नहीं है।

हर घर को सीवर नेटवर्क से जोड़ने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि सरकार का लक्ष्य दिल्ली के हर घर को सीवर नेटवर्क से जोड़ना है। हर नाले के गंदे पानी को सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट तक पहुंचाया जाएगा, ताकि बिना साफ किया गया पानी यमुना में न गिरे। उन्होंने कहा कि सरकार आने वाले वर्षों में दिल्ली के लोगों को स्वच्छ और अविरल यमुना देने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने लंबे समय से लंबित चंद्रावल जल परियोजना के पूरा होने को भी एक बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि सरकार पिछले 18 महीनों से दिल्ली में पानी और सीवरेज की व्यवस्था सुधारने के लिए लगातार निवेश बढ़ा रही है।

सैकड़ों कॉलोनियों और गांवों को मिलेगा फायदा

दिल्ली के मंत्री प्रवेश वर्मा ने बताया कि 8,941 करोड़ रुपये की परियोजनाओं से उन सैकड़ों अनधिकृत कॉलोनियों और ग्रामीण इलाकों को फायदा मिलेगा, जहां लंबे समय से सीवर और पाइप से पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं की कमी रही है।

उन्होंने कहा कि सरकार ने दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) के माध्यम से जमीन आवंटित करने, टेंडर प्रक्रिया पूरी करने और परियोजनाओं को जमीन पर उतारने का काम किया है। इन योजनाओं में जापान इंटरनेशनल कोऑपरेशन एजेंसी (JICA) और एशियन डेवलपमेंट बैंक (ADB) जैसी अंतरराष्ट्रीय संस्थाएं भी सहयोग कर रही हैं।

प्रवेश वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और दिल्ली सरकार के बीच बेहतर तालमेल से इन परियोजनाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि यमुना की सफाई अब केवल चुनावी वादे तक सीमित नहीं है, बल्कि इस दिशा में जमीन पर काम हो रहा है।

कार्यक्रम के दौरान प्रवेश वर्मा ने विपक्ष पर भी निशाना साधा। उन्होंने चुनावी प्रक्रिया पर विपक्ष के सवालों को खारिज करते हुए कहा कि चुनाव में जीत मिलने पर विपक्ष चुनाव आयोग और मतदाता सूची को सही बताता है, जबकि हारने पर सवाल उठाता है। उन्होंने दावा किया कि जनता भाजपा के शासन मॉडल पर भरोसा जता रही है।