Breaking News

रोहित शेट्टी के घर फायरिंग का जिम्मेदार हैरी बॉक्सर अमेरिका में हिरासत में     |   गाजियाबाद पुलिस चौकी के अंदर धमाका, 'तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान' ने ली जिम्मेदारी     |   दिल्ली में प्रदूषण का असर, कक्षा 5वीं तक के स्कूलों में हाइब्रिड क्लास का आदेश     |   गुजरात: नवसारी में प्लास्टिक की दुकान में लगी आग     |   होर्मुज के पास ईरान का बड़ा एक्शन! अमेरिकी MQ-9 रीपर ड्रोन मार गिराने का दावा     |  

NIA ने 26/11 मुंबई हमलों के आरोपी तहव्वुर राणा को अमेरिका से प्रत्यर्पण के बाद किया गिरफ्तार

राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने गुरुवार को 26/11 के मुंबई आतंकवादी हमलों के मुख्य आरोपी तहव्वुर हुसैन राणा को अमेरिका से प्रत्यर्पण के बाद दिल्ली हवाई अड्डे पर उतरते ही "औपचारिक रूप से गिरफ्तार" कर लिया। एक आधिकारिक बयान में ये जानकारी दी गई। एजेंसी ने बताया कि एनआईए और राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) की टीमें वरिष्ठ अधिकारियों के साथ लॉस एंजिल्स से विशेष विमान में राणा को दिल्ली लेकर आईं।

एनआईए की जांच टीम ने हवाई अड्डे पर सभी जरूरी कानूनी औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद, मुख्य रूप से शिकागो (अमेरिका) में रहने वाले पाकिस्तानी मूल के कनाडाई नागरिक राणा को विमान से उतरते ही गिरफ्तार कर लिया। एजेंसी ने कई साल के निरंतर और ठोस कोशिशों के बाद और अमेरिका से अपने प्रत्यर्पण पर रोक लगाने का आतंकी मास्टरमाइंड का अंतिम प्रयास नाकाम होने के बाद राणा का प्रत्यर्पण सुनिश्चित किया।

एनआईए ने कहा कि भारत के विदेश मंत्रालय और गृह मंत्रालय की मिलीजुली कोशिशों के साथ-साथ संयुक्त राज्य अमेरिका में संबंधित अधिकारियों ने प्रत्यर्पण की पूरी प्रक्रिया के दौरान दूसरी भारतीय खुफिया एजेंसियों के साथ मिलकर काम किया, जो आतंकवाद में शामिल व्यक्तियों को न्याय के कटघरे में लाने के भारत के प्रयासों में एक बड़ा कदम है, चाहे वे दुनिया के किसी भी हिस्से में भाग गए हों। भारत-अमेरिका प्रत्यर्पण संधि के तहत एनआईए द्वारा शुरू की गई कार्यवाही के अनुसार राणा को अमेरिका में न्यायिक हिरासत में रखा गया था।

उस पर डेविड कोलमैन हेडली उर्फ ​​दाउद गिलानी और आतंकवादी संगठनों लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) और हरकत-उल-जिहादी इस्लामी (एचयूजेआई) के गुर्गों के साथ-साथ पाकिस्तान में मौजूद दूसरे षड्यंत्रकारियों के साथ मिलकर 2008 में मुंबई में हुए विनाशकारी आतंकवादी हमलों को अंजाम देने की साजिश रचने का आरोप है। घातक हमलों में कुल 166 लोग मारे गए और 238 से अधिक घायल हुए थे।