राजधानी दिल्ली में छठ पूजा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। आईटीओ स्थित यमुना घाट पर पर्व को लेकर व्यवस्थाएं की जा रही हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को जनसेवा सदन में छठ पूजा समितियों और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी तैयारियां तय समय से पहले पूरी की जाएं।
मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, रेखा गुप्ता ने कहा कि सरकार का उद्देश्य छठ व्रत करने वाले श्रद्धालुओं और उनके परिवारों को पूजा-अर्चना के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और घाटों पर आने वाले श्रद्धालुओं की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
दिल्ली में तैयार होंगे 1400 से अधिक छठ घाट
इस साल दिल्ली में छठ पूजा के लिए 1,400 से अधिक घाट तैयार किए जा रहे हैं। पिछले साल राजधानी में 1,326 घाट बनाए गए थे। इस बार घाटों की संख्या में बढ़ोतरी की गई है, ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु अपने आसपास ही सुविधाजनक स्थान पर पूजा-अर्चना कर सकें।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि घाटों पर बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था पहले ही पूरी कर ली जाए। अंतिम समय में केवल पानी भरने, टेंट लगाने और साफ-सफाई जैसे काम ही शेष रहने चाहिए। इसके साथ ही जिला प्रशासन और संबंधित विभागों को अपने-अपने क्षेत्रों में घाटों का नियमित निरीक्षण करने और कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए गए हैं।
मुनक नहर पर बनेगा 11 किलोमीटर लंबा भव्य छठ घाट
इस साल दिल्लीवासियों के लिए सबसे बड़ा आकर्षण मुनक नहर के किनारे विकसित किया जा रहा 11 किलोमीटर लंबा छठ घाट होगा। यह घाट आउटर रिंग रोड से लेकर इंद्रलोक तक बनाया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नहर के दोनों ओर सीढ़ियां बनाई जाएंगी। इसके अलावा आवागमन को आसान बनाने के लिए कंक्रीट की सड़क भी तैयार की जाएगी।
सरकार का दावा है कि इस घाट के विकसित होने से आसपास की कई विधानसभा क्षेत्रों के श्रद्धालुओं को छठ पूजा करने में सुविधा मिलेगी। उन्हें पूजा-अर्चना के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा और स्थानीय स्तर पर बेहतर व्यवस्थाएं उपलब्ध होंगी।
12 नवंबर को नितिन नवीन करेंगे भव्य घाट का उद्घाटन
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 12 नवंबर को सिंघलपुर गांव के पास आयोजित कार्यक्रम में इस भव्य छठ घाट का उद्घाटन करेंगे। इस परियोजना को श्रद्धालुओं की सुविधा और छठ पर्व की परंपराओं को ध्यान में रखते हुए विकसित किया जा रहा है।
श्रद्धालुओं की सुविधा सरकार की प्राथमिकता
समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि छठ पर्व लाखों लोगों की आस्था, विश्वास और परंपराओं से गहराई से जुड़ा हुआ है। ऐसे में सरकार की प्राथमिकता है कि व्रत करने वाले श्रद्धालुओं को सूर्य देव को अर्घ्य देने और पूजा-अर्चना करने के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
उन्होंने छठ पूजा समितियों के पदाधिकारियों से भी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए सुझाव और सहयोग देने की अपील की। बैठक में विभिन्न छठ पूजा समितियों के प्रतिनिधि और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
दिल्ली सरकार इस बार छठ पूजा को लेकर बड़े स्तर पर तैयारियां कर रही है। 1,400 से अधिक घाटों और मुनक नहर पर 11 किलोमीटर लंबे विशेष घाट के विकास से राजधानी में छठ महापर्व के आयोजन को और व्यापक बनाने की योजना है।