Breaking News

दिल्ली में मॉनसून की दस्तक, IMD ने दी जानकारी     |   मुंबई मानसून अपडेट: ईस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर थमी रफ्तार, कुर्ला-सायन जाम     |   पूर्वोत्तर में बाढ़ से भारी तबाही, मल्लिकार्जुन खड़गे ने जताया दुख     |   केतन मर्डर केस: पुलिस ने आरोपी सिया के लाई डिटेक्टर टेस्ट की कोर्ट से मांगी मंजूरी     |   दिल्ली: तृणमूल कांग्रेस के 10 विधायक आज EC से मिलेंगे, ऋतब्रत बनर्जी करेंगे नेतृत्व     |  

दिल्ली पुलिस का 'ऑपरेशन मिलाप' सफल, जून में 193 लापता लोगों को परिवार से मिलाया

दिल्ली पुलिस के दक्षिण-पश्चिम जिले ने 'ऑपरेशन मिलाप' के तहत जून 2026 में 193 लापता लोगों को खोजकर उनके परिवारों से मिलाया है। पुलिस के अनुसार, जून महीने में खोजे गए 193 लोगों में 48 लापता या अपहृत बच्चे और 145 वयस्क शामिल हैं। यह अभियान 1 जून से 30 जून 2026 तक चलाया गया। इस वर्ष की शुरुआत से अब तक दक्षिण-पश्चिम जिला पुलिस ने कुल 866 लापता लोगों का पता लगाया है। इनमें 226 बच्चे और 640 वयस्क शामिल हैं।

लापता लोगों की तलाश के लिए पुलिस ने शिकायत मिलते ही विशेष अभियान शुरू किया। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों, ऑटो और ई-रिक्शा स्टैंड पर तस्वीरें साझा की गईं। इसके अलावा ड्राइवरों, कंडक्टरों, दुकानदारों और स्थानीय लोगों से भी जानकारी जुटाई गई। पुलिस ने मुखबिरों की मदद ली और आसपास के थानों व अस्पतालों के रिकॉर्ड भी खंगाले।

अभियान में डिस्ट्रिक्ट मिसिंग पर्सन्स यूनिट (DMPU) ने सबसे ज्यादा 57 वयस्कों का पता लगाया, जबकि एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) ने 18 लापता या अपहृत बच्चों को सुरक्षित बरामद किया। इसके अलावा वसंत विहार, वसंत कुंज नॉर्थ और साउथ, कापसहेड़ा, पालम विलेज, सागरपुर, दिल्ली कैंट, सरोजिनी नगर, आर.के. पुरम, साउथ कैंपस, एस.जे. एन्क्लेव और किशनगढ़ थाना पुलिस ने भी अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

पुलिस ने बताया कि बरामद किए गए कई लोग लंबे समय से लापता थे। जून में मिले 193 लोगों में 117 इसी वर्ष, 34 वर्ष 2025, 20 वर्ष 2024, 16 वर्ष 2023, 3 वर्ष 2022, 2 वर्ष 2021 और 1 व्यक्ति वर्ष 2019 से लापता था। दिल्ली पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन मिलाप की सफलता विभिन्न पुलिस टीमों के समन्वय, त्वरित कार्रवाई और लगातार की गई जांच का परिणाम है। पुलिस ने भविष्य में भी इसी तरह लापता लोगों को खोजकर उनके परिवारों से मिलाने की प्रतिबद्धता दोहराई।