उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज से दो दिवसीय दिल्ली दौरे पर हैं। अपने दौरे के दौरान मुख्यमंत्री जापानी उद्यमियों, निवेशकों और उद्योगपतियों से मुलाकात करेंगे। इस दौरान उत्तर प्रदेश में निवेश बढ़ाने और औद्योगिक सहयोग को मजबूत करने पर चर्चा होगी। सीएम योगी दिल्ली में आयोजित इंडिया-जापान बिजनेस कॉन्क्लेव एवं यूपी इन्वेस्टमेंट कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। यह कार्यक्रम दिल्ली के ताज होटल में आयोजित किया जाएगा, जहां मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश में निवेश की संभावनाओं और राज्य के अनुकूल कारोबारी माहौल को जापानी कंपनियों के सामने रखेंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जापानी प्रतिनिधिमंडल और प्रमुख उद्योगपतियों के साथ बैठक करेंगे। इस दौरान उत्तर प्रदेश में जापानी कंपनियों के लिए उपलब्ध निवेश के अवसरों, औद्योगिक विकास और कारोबारी सुविधाओं पर चर्चा की जाएगी। सीएम योगी जापानी कंपनियों को उत्तर प्रदेश में निवेश के लिए आमंत्रित करेंगे। सरकार का जोर राज्य में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ाने, रोजगार के अवसर पैदा करने और भारत-जापान कारोबारी संबंधों को और मजबूत करने पर है। दो दिवसीय दौरे के दौरान निवेश, तकनीक, उद्योग और कारोबारी साझेदारी से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री जापानी निवेशकों को उत्तर प्रदेश की नीतियों और यहां मौजूद औद्योगिक संभावनाओं की जानकारी देंगे।