Breaking News

इस राज्य में 8 से 10 रुपये तक बढ़ जाएंगे दूध के दाम     |   सपा प्रमुख अखिलेश यादव हिरासत में लिए गए     |   स्वतंत्र भारद्वाज को दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट से मिली नियमित जमानत     |   उपचुनाव: 1 बजे तक नंदीग्राम में 60.32%, रेजीनगर में 56.43% मतदान     |   दिल्ली: आकाशवाणी भवन के बाहर से कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया जा रहा है     |  

अरुणाचल प्रदेश में 700 मेगावाट की जल विद्युत परियोजना को मंजूरी, केंद्र सरकार करेगी ₹8,146 करोड़ का निवेश

New Delhi: केंद्र सरकार ने अरुणाचल प्रदेश के शि-योमी ज़िले में 700 मेगावाट के टाटो-2 हाइड्रो इलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट के निर्माण के लिए 8,146.21 करोड़ रुपये के निवेश को मंजूरी दी है। इस फैसले की जानकारी केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मंगलवार को कैबिनेट बैठक के बाद दी।

ये परियोजना 4 x 175 मेगावाट की कुल क्षमता के साथ सालाना लगभग 2,738.06 मिलियन यूनिट बिजली का उत्पादन करेगी। इसका निर्माण नॉर्थ ईस्टर्न इलेक्ट्रिक पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड और अरुणाचल प्रदेश सरकार के संयुक्त उपक्रम के तहत किया जाएगा। परियोजना को पूरा होने में लगभग 72 महीने (6 साल) का समय लगेगा।

458.79 करोड़ रुपये की सहायता आधारभूत संरचना जैसे सड़कों, पुलों और ट्रांसमिशन लाइनों के निर्माण के लिए दी जाएगी। 436.13 करोड़ की केंद्रीय वित्तीय सहायता राज्य की इक्विटी हिस्सेदारी के लिए होगी। 12 फीसदी मुफ्त बिजली अरुणाचल प्रदेश को दी जाएगी और 1 फीसदी अतिरिक्त बिजली स्थानीय क्षेत्र विकास कोष के लिए होगी।

परियोजना के तहत लगभग 32.88 किलोमीटर सड़कों और पुलों का निर्माण होगा। 20 करोड़ रुपये की राशि से क्षेत्र में अस्पताल, स्कूल, बाजार और खेल के मैदान जैसे बुनियादी ढांचे का विकास किया जाएगा। स्थानीय लोगों को रोजगार, मुआवजा, और सीएसआर (कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी) गतिविधियों से लाभ मिलेगा।

केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा, "यह परियोजना देश की स्वच्छ ऊर्जा लक्ष्यों को पूरा करने की दिशा में प्रधानमंत्री जी की दूरदर्शी सोच का उदाहरण है।" कैबिनेट ने मंगलवार को कुल 18,541 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं को मंजूरी दी, जिसमें टाटो-2 परियोजना सबसे अहम मानी जा रही है।