Breaking News

योगी सरकार ने उत्तर प्रदेश की तस्वीर बदलने का काम किया: अमित शाह     |   यूपी, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 2-3 नवंबर को भारी बारिश का अनुमान: IMD     |   पीएम मोदी पीएम-किसान योजना के तहत 18,680 करोड़ रुपये करेंगे जारी     |   उत्तराखंड के कई जिलों में आज ऑरेंज अलर्ट जारी     |   दिल्ली-NCR के कुछ हिस्सों में बारिश     |  

Delhi: शकरपुर में 22 साल के युवक की चाकू मारकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस

Delhi: पूर्वी दिल्ली के शकरपुर इलाके में 22 साल के युवक की किसी अज्ञात व्यक्ति ने चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने सोमवार को ये जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, मृतक को अस्पताल लेकर पहुंचे उसके रिश्तेदारों ने बताया कि एंबुलेंस में युवक ने इलाके के ही किसी 'परिचित व्यक्ति' द्वारा उस पर हमला किये जाने का संकेत दिया था।

पुलिस उपायुक्त (पूर्व) अभिषेक धानिया ने कहा, "रविवार शाम पांच बजकर 28 मिनट पर एक पीसीआर कॉल के जरिए से सूचना मिली थी कि शकरपुर में राम टेंट हाउस के पास एक व्यक्ति को चाकू मारा गया है। मौके पर पहुंचे पुलिस दल को सड़क पर खून के धब्बे मिले।’’

उन्होंने बताया कि देव कुमार नाम के इस युवक को उसके रिश्तेदार पटेल अस्पताल लेकर गए। उन्होंने बताया कि गंभीर हालत की वजह से उसे लोक नायक जय प्रकाश (एलएनजेपी) अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस उपायुक्त ने बताया कि उसकी दाहिने जांघ पर धारदार हथियार के किए गए कई घाव थे। अधिकारी ने कहा कि मेडिकल रिपोर्ट में धारदार हथियार से तीन चोटों की पुष्टि हुई है। अपराध स्थल या अस्पताल में कोई चश्मदीद नहीं मिला है।

उन्होंने बताया कि शुरूआती निष्कर्षों और रिश्तेदारों के बयान के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है और शव को पोस्टमार्टम के लिए एलएनजेपी शवगृह में रखा गया है। उपायुक्त ने बताया कि आरोपी की पहचान के लिए कई दल गठित किए गए हैं और घटना की सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही हैं।