Breaking News

फ्रांस में इबोला के पहले केस की पुष्टि हुई     |   रूस और भारत द्विपक्षीय व्यापार बढ़ाने की दिशा में काम कर रहे: क्रेमलिन     |   कोलकाता हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 4 हुई     |   कोलकाता हादसा: CM शुभेंदु अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे     |   कर्नाटक में 1 जुलाई से लागू होगी वीबीजी राम जी योजना     |  

केतन अग्रवाल हत्याकांड: 2,000 कॉल, कैफे में मुलाकात और किले पर रची गई साजिश, पुणे पुलिस का बड़ा खुलासा

पुणे के कारोबारी केतन अग्रवाल की हत्या की जांच कर रही पुणे ग्रामीण पुलिस ने दावा किया है कि उनकी हत्या की साजिश की शुरुआत 31 मई को लोहागढ़ किले की यात्रा के दौरान हुई थी। पुलिस के अनुसार, केतन अग्रवाल और मुख्य आरोपी सिया गोयल 31 मई को लोहागढ़ किला घूमने गए थे। जांच में सामने आया है कि किले के किनारे बैठे केतन को देखकर सिया के मन में पहली बार उन्हें मारने का विचार आया।

पुलिस का दावा है कि 14 जून को हत्या की पहली कोशिश की गई थी। आरोप है कि सिया ने केतन को किले से धक्का देकर नीचे गिराने का प्रयास किया, लेकिन जब यह कोशिश सफल नहीं हुई तो उसने सांप देखने का शोर मचाया और बाद में इसे हादसा बताने की कोशिश की। सिया गोयल और सह-आरोपी चेतन चौधरी पिछले कई महीनों से लगातार संपर्क में थे।

दोनों के बीच कथित तौर पर 2,000 से अधिक फोन कॉल हुई थीं। पुलिस का कहना है कि घटना से पहले दोनों एक कैफे में मिले थे, जहां कथित तौर पर हत्या की योजना पर चर्चा की गई और किले पर ऐसे स्थानों की पहचान की गई, जहां से केतन को धक्का दिया जा सके। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि सिया गोयल केतन अग्रवाल से शादी नहीं करना चाहती थी। आरोप है कि उसने अपने दोस्त चेतन चौधरी के साथ मिलकर केतन को रास्ते से हटाने की साजिश रची। दोनों की मुलाकात पिछले साल एक दिवाली पार्टी में हुई थी और बाद में उनकी दोस्ती काफी गहरी हो गई।

पुलिस के अनुसार, सिया अपने परिवार की ओर से शादी के दबाव में थी, लेकिन वह फिलहाल शादी नहीं करना चाहती थी। जांच एजेंसियों का यह भी मानना है कि सिया चेतन के करीब थी, लेकिन उससे भी शादी के लिए तैयार नहीं थी। ऐसे में वह केतन को रास्ते से हटाकर चेतन के साथ अपना रिश्ता जारी रखना चाहती थी। फिलहाल सिया गोयल और चेतन चौधरी 29 जून तक सात दिन की पुलिस हिरासत में हैं। मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।