Breaking News

झारखंड में राज्यसभा चुनाव से पहले गरमाई सियासत, JMM ने EC को पत्र लिख जताई 'हॉर्स ट्रेडिंग' की आशंका     |   तमिलनाडु में वरिष्ठ IPS अधिकारियों का फेरबदल, टीएस अन्बू ADGP लॉ & ऑडर नियुक्त     |   JK: रोपवे रुकने से हवा में अटके 200 से ज्यादा पर्यटकों को बचाया, रेस्क्यू जारी     |   भारत मौसम विज्ञान विभाग ने तेलंगाना के कई जिलों में लू को लेकर रेड अलर्ट जारी किया     |   बिहार के सीएम सम्राट चौधरी को दिल्ली में कामराज लेन स्थित बंगला नंबर 6 आवंटित     |  

UP: कानपुर में कोचिंग में पढ़ने वाली नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म, दो आरोपित शिक्षक गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के कानपुर में राष्ट्रीय पात्रता सह परीक्षा (नीट) की तैयारी कर रही नाबालिग छात्रा से कथित तौर पर दुष्कर्म के आरोप में एक कोचिंग संस्थान के दो प्रमुख शिक्षकों को गिरफ्तार किया गया है। एक पुलिस अधिकारी ने शनिवार को ये जानकारी दी। 

अधिकारी ने बताया कि दो साल पुरानी इस घटना के लिए शुक्रवार को एफआईआर दर्ज कर आरोपी शिक्षकों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए शिक्षकों में से एक ने इस घटना का वीडियो बनाया और इसको सार्वजनिक करने की धमकी देकर कथित तौर पर छह महीने से ज्यादा समय तक लड़की का यौन शोषण किया। पुलिस ने बताया कि आरोपित शिक्षकों की पहचान जीव विज्ञान के शिक्षक साहिल सिद्दीकी और रसायन विज्ञान के शिक्षक विकास पोरवाल के रूप में हुई है। 

पुलिस के मुताबिक, दिसंबर 2022 में हुई इस घटना के समय पीड़िता की उम्र 17 साल थी। पुलिस ने बताया कि आरोपितों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 328 (अपराध के इरादे से किसी को जहर या नशीला पदार्थ देना), 376 (दो) एन (एक ही महिला के साथ बार-बार बलात्कार करना), 344 (दस या उससे ज्यादा दिनों तक गलत तरीके से बंधक बनाना) और 506 (आपराधिक धमकी) के अलावा यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। 

पुलिस के मुताबिक, मूल रूप से फतेहपुर जिले की रहने वाली पीड़िता काकादेव इलाके में एक कोचिंग से नीट की तैयारी के लिए लगभग एक साल से हॉस्टल में रह रही थी। 

एक अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार शिक्षकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और पीड़िता की मेडिकल जांच भी कराई जाएगी। कल्याणपुर के सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) अभिषेक पांडेय ने बताया कि घटना दिसंबर 2022 में हुई थी और लड़की की तरफ से कल्याणपुर पुलिस को तहरीर देने के बाद शुक्रवार को प्राथमिकी दर्ज की गयी। 

पीड़िता ने बताया कि आरोपित शिक्षक साहिल सिद्दीकी ने छह महीने से ज्यादा समय तक उसे अपने फ्लैट में बंधक बनाकर रखा और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उससे बार-बार दुष्कर्म किया।