Breaking News

योगी सरकार ने उत्तर प्रदेश की तस्वीर बदलने का काम किया: अमित शाह     |   यूपी, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 2-3 नवंबर को भारी बारिश का अनुमान: IMD     |   पीएम मोदी पीएम-किसान योजना के तहत 18,680 करोड़ रुपये करेंगे जारी     |   उत्तराखंड के कई जिलों में आज ऑरेंज अलर्ट जारी     |   दिल्ली-NCR के कुछ हिस्सों में बारिश     |  

Chhattisgarh: नक्सलवाद पर लगातार कड़ा प्रहार, बीजापुर में 51 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण

Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में बुधवार को 51 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर दिया, जिनमें से 20 पर कुल 66 लाख रुपये का इनाम था। पुलिस ने ये जानकारी दी। बीजापुर के पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव ने बताया कि नौ महिलाओं सहित ये नक्सली राज्य सरकार की पुनर्वास नीति और विकास पहलों से प्रभावित होकर मुख्यधारा में लौट आए हैं।

उन्होंने कहा कि हिंसा का रास्ता छोड़ने का उनका फैसला शांति, संवाद और विकास के माध्यम से नक्सलवाद के उन्मूलन के राज्य सरकार के चल रहे अभियान में एक और अहम कदम है। उन्होंने बस्तर रेंज पुलिस द्वारा नक्सलियों के लिए शुरू की गई पुनर्वास पहल 'पूना मार्गेम - पुनर्वास से पुनर्जीवन' (सामाजिक एकीकरण के लिए पुनर्वास) के तहत आत्मसमर्पण किया है।

उन्होंने बताया कि आत्मसमर्पण करने वालों में पीएलजीए (पीपुल्स लिबरेशन गुरिल्ला आर्मी) बटालियन संख्या 01 और कंपनी संख्या 01, 02 और 05 के पांच सदस्य, क्षेत्र समितियों और प्लाटून के सात सदस्य, एलओएस (स्थानीय संगठन दस्ता) समूह के तीन सदस्य, एक मिलिशिया प्लाटून कमांडर, 14 मिलिशिया प्लाटून सदस्य और 20 निचले स्तर के सदस्य शामिल थे।

उन्होंने बताया कि जनवरी 2024 से अब तक बीजापुर में कुल 650 माओवादी मुख्यधारा में शामिल हो चुके हैं। 196 मुठभेड़ों में मारे गए हैं, जबकि 986 अन्य गिरफ्तार किए गए हैं।